कानपुर में पुलिस पर मारपीट का आरोप, वायरल वीडियो के बाद मामले ने पकड़ा तूल
कानपुर के शिवराजपुर में एक युवक ने पुलिस पर मारपीट का आरोप लगाया है। युवक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। परिजनों ने गंभीर आरोप लगाए हैं, जबकि मामले में पुलिस का विस्तृत पक्ष सामने आना बाकी है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: कानपुर के शिवराजपुर थाना क्षेत्र में एक युवक ने पुलिस पर बेरहमी से मारपीट करने का आरोप लगाया है। युवक का दावा है कि पुलिसकर्मियों ने उसे हिरासत में लेने के दौरान पीटा, जिससे उसके शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पड़ गए। घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसके बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है।
परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
परिजनों का आरोप है कि युवक के खिलाफ पहले से शिवराजपुर थाने में एक मुकदमा दर्ज था। उनका कहना है कि एक दरोगा कथित तौर पर निजी वाहन से युवक को अपने साथ ले गए। आरोप यह भी है कि थाने ले जाने से पहले उसे कुछ समय तक एक निजी स्थान पर रखा गया, जहां उसके साथ मारपीट की गई।
देर रात हुई कार्रवाई, युवक पर 151 के तहत केस
परिजनों के अनुसार, देर रात हंगामे के बाद पुलिस ने युवक के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 151 के तहत कार्रवाई की। दूसरी ओर, युवक ने अपने शरीर पर चोट के निशान दिखाते हुए वीडियो रिकॉर्ड किया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
आरोपों की जांच का इंतजार
फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस की ओर से विस्तृत बयान सामने आने का इंतजार है। मामले की निष्पक्ष जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
रिपोर्ट – प्रांजुल मिश्रा
यह भी पढ़ें: आर्म्स एक्ट मामले में कैबिनेट मंत्री राकेश सचान को बड़ी राहत, अदालत ने किया दोषमुक्त



