जम्मू-कश्मीर के लोगों से किया वादा पूरा करे केंद्र सरकार : फारूक

- जम्मू-कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल करने में हो रही देरी पर उठाया सवाल
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
श्रीनगर। नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अबदुल्ला ने जम्मू-कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल करने में हो रही देरी पर सवाल उठाया और केंद्र से केंद्रशासित प्रदेश के लोगों से किए गए वादे पूरे करने का आग्रह किया। एक सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, जम्मू-कश्मीर के लोगों ने काफी इंतजार किया है। उनसे किए गए वादों को अब अमल में लाया जाना चाहिए। उन्होंने संसद और उच्चतम न्यायालय में दिए गए आश्वासनों के बावजूद राज्य का दर्जा बहाल करने में हो रही ‘लगातार देरी’ पर सवाल उठाया।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में 018 से 24 के दौर ने साबित कर दिया कि नौकरशाही व्यवस्था कभी लोकतांत्रिक रूप से निर्वाचित सरकार का स्थान नहीं ले सकती, जो लोगों की आकांक्षाओं, भावनाओं और रोजमर्रा की चिंताओं से गहराई से जुड़ी रहती है। अब्दुल्ला ने कहा, नयी दिल्ली को जम्मू-कश्मीर को तुरंत पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल करना चाहिए और निर्वाचित सरकार को सभी अधिकार वापस देने चाहिए, ताकि शासन अधिक जवाबदेह, उत्तरदायी और जनकेंद्रित बन सके। फारूक ने जम्मू-कश्मीर में पिछले कुछ सालों के शासन मॉडल पर भी कड़ा प्रहार किया।



