हैदराबाद के सामने रॉयल्स को रोकने की चुनौती

  • टूर्नामेंट में अजेय राजस्थान से सनराइजर्स का मुकाबला आज

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
हैदराबाद। राजस्थान रॉयल्स की टीम आईपीएल में दमदार प्रदर्शन कर रही और टूर्नामेंट में अजेय बनी हुई है। राजस्थान का सामना आज सनराइजर्स हैदराबाद से होगा जिसका प्रदर्शन अब तक मिलाजुला रहा है। दोनों टीमों का मजबूत पक्ष उसकी सलामी जोडिय़ां हैं। राजस्थान की नजरें शीर्ष स्थान पर अपनी पकड़ मजबूत करने पर होंगी, जबकि सनराइजर्स की टीम वापसी करना चाहेगी। रॉयल्स ने मौजूदा सत्र में लगभग हर विभाग में अपना दबदबा दिखाया है।
टीम के पास संतुलित गेंदबाजी आक्रमण है। जायसवाल और सूर्यवंशी की निडर बल्लेबाजी ने उन्हें मौजूदा सत्र की सबसे खतरनाक जोडिय़ों में से एक बना दिया है। तीसरे नंबर पर ध्रूव जुरेल ने स्थिरता दी है और यह सुनिश्चित किया है कि टीम लय नहीं खोए। इसके उलट सनराइजर्स हैदराबाद का प्रदर्शन उतार-चढ़ाव वाला रहा है। टीम लगातार अच्छा प्रदर्शन करने में विफल रही है। अपने चार में से तीन मैच हारने के बाद पूर्व चैंपियन टीम छठे स्थान पर हैं। टीम अपनी पुरानी रणनीति पर चल रही है। वे तेज शुरुआत के लिए ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा की तूफानी जोड़ी पर निर्भर हैं लेकिन दोनों ही लगातार अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। कार्यवाहक कप्तान ईशान किशन भी अपनी शुरुआती पारी के बाद खराब फॉर्म में हैं। रन बनाने की जिम्मेदारी अधिकतर समय हेनरिक क्लासेन ने निभाई है जिन्होंने चार पारियों में 184 रन बनाए हैं और सनराइजर्स को कई मौकों पर वापसी दिलाने में सफल रहे हैं। गेंदबाजी हालांकि टीम का कमजोर पक्ष है और नियमित कप्तान पैट कमिंस की गैरमौजूदगी ने टीम की परेशानियों को बढ़ा दिया है।

लखनऊ को गुजरात ने सात विकेट से हराया

लखनऊ। शुभमन गिल और जोस बटलर के अर्धशतकों की मदद से गुजरात टाइटंस ने लखनऊ सुपर जाएंट्स को सात विकेट से हराया। लखनऊ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में आठ विकेट पर 164 रन बनाए। जवाब में गुजरात ने 18.4 ओवर में तीन विकेट पर 165 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। गुजरात के लिए बटलर ने 60 रन और गिल ने 56 रन बनाए। इन दोनों बल्लेबाजों ने दूसरे विकेट के लिए 84 रन जोडक़र जीत की नींव रखी। गुजरात की यह दूसरी जीत है। लखनऊ ने पिछले दो मैच जीते थे, लेकिन उसे घरेलू मैदान पर हार का सामना करना पड़ा। इस मैच में जीत के बाद गुजरात टाइटंस की टीम अंक तालिका में पांचवें स्थान पर पहुंच गई है, जबकि लखनऊ की टीम छठे स्थान पर आ गई है। राजस्थान रॉयल्स की टीम अंक तालिका में शीर्ष पर मौजूद है। उसने अपने शुरुआती चारों मैच जीते हैं।

Related Articles

Back to top button