सीतापुर में युवक की मौत से बवाल! पुलिस अधिकारी पर मारपीट का आरोप, SP ने बैठाई जांच
सीतापुर के खैराबाद में युवक की विषाक्त पदार्थ सेवन से मौत के बाद एएसपी पर मारपीट के आरोप लगे हैं। ग्रामीणों ने एसपी कार्यालय का घेराव कर निष्पक्ष जांच की मांग की। एसपी अंकुर अग्रवाल ने जांच के आदेश दिए हैं।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: शहर से सटे खैराबाद कस्बे के एक युवक की कथित रूप से विषाक्त पदार्थ सेवन के बाद मौत हो जाने से हड़कंप मच गया है। घटना के बाद सशस्त्र पुलिस प्रशिक्षण केंद्र में तैनात एएसपी शगुन गौतम पर युवक के साथ मारपीट कराने के आरोप लगाए गए हैं। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
चोरी के शक में मारपीट का आरोप, जहर खाने की चर्चा
परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि युवक एएसपी के यहां कार्य करता था। कथित तौर पर चोरी के संदेह में उसके साथ मारपीट की गई, जिससे वह मानसिक रूप से आहत हो गया। इसके बाद युवक द्वारा विषाक्त पदार्थ सेवन किए जाने की चर्चा है। फिलहाल, युवक की मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
ग्रामीणों ने पुलिस कार्यालय का किया घेराव
घटना से नाराज ग्रामीण बड़ी संख्या में एसपी कार्यालय परिसर पहुंचे और पुलिस कार्यालय का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। कुछ समय तक परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
SP ने दिए जांच के आदेश
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने जांच के आदेश दिए हैं। पुलिस का कहना है कि सभी तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच की जाएगी। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट- वली चौधरी, सीतापुर
यह भी पढ़ें: 2027 चुनाव से पहले भाजपा का बड़ा प्लान! धर्मपाल सिंह ने दिया जीत का फॉर्मूला



