खराब शुरुआत से उबरना चाहेगी चेन्नई

- सीएसके के लिए ओपनिंग जोड़ी सबसे बड़ी चिंता, दिल्ली से मैच आज
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
चेन्नई। आईपीएल 2026 में सीएसके और दिल्ली कैपिटल्स के बीच होने वाला मुकाबला दोनों टीमों के लिए काफी अहम है। जहां चेन्नई अपनी खराब शुरुआत से उबरने की कोशिश में है, वहीं दिल्ली भी पिछले मैच की गलतियों से सबक लेकर वापसी करना चाहेगी। चेन्नई की सबसे बड़ी चिंता उनकी ओपनिंग जोड़ी रही है। संजू सैमसन और ऋ तुराज गायकवाड़ अब तक उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे हैं। दोनों के बीच साझेदारियां 14, 14 और नौ रन की रही हैं, जो टीम के लिए परेशानी का कारण बनी हैं। अगर यह जोड़ी चलती है, तो चेन्नई का पूरा बल्लेबाजी क्रम मजबूत हो सकता है।
इससे शिवम दुबे को स्पिन के खिलाफ खुलकर खेलने का मौका मिलेगा और डेवाल्ड ब्रेविस के लिए भी मंच तैयार होगा, जो इस मैच में वापसी कर सकते हैं। दिल्ली कैपिटल्स भी दबाव में है। पिछले मैच में डेविड मिलर का आखिरी ओवर में लिया गया फैसला टीम पर भारी पड़ा। उन्होंने जोखिम लेते हुए बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन नाकाम रहे और टीम को हार का सामना करना पड़ा। अब दिल्ली को अपने फैसलों में संतुलन लाना होगा, क्योंकि इस टूर्नामेंट में गलतियों की गुंजाइश बहुत कम है।(चेन्नई के लिए सरफराज खान शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने तीन पारियों में 99 रन 200 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से बनाए हैं और मिडिल ऑर्डर में टीम को मजबूती दी है। वहीं, दिल्ली के लिए अक्षर पटेल और कुलदीप यादव की स्पिन जोड़ी अहम होगी। ये दोनों गेंदबाज बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं देते और टी20 क्रिकेट में यह बहुत बड़ी ताकत बन चुकी है।
आरसीबी की पहली हार, राजस्थान ने छह विकेट से दी मात
गुवाहाटी। ध्रूव जुरेल (81*) और वैभव सूर्यवंशी (78) की तूफानी अर्धशतकीय पारियों की मदद से राजस्थान रॉयल्स ने आरसीबी को छह विकेट से हरा दिया। गुवाहाटी में खेले गए मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी आरसीबी ने कप्तान रजत पाटीदार की 63 रनों की पारी की मदद से 20 ओवर में आठ विकेट पर 201 रन बनाए। जवाब में राजस्थान ने महज 18 ओवर में चार विकेट पर 202 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया। आरसीबी की यह इस सीजन की पहली हार है। इससे पहले खेले दोनों मुकाबले टीम ने जीते थे। वहीं, राजस्थान ने लगातार चार मैचों में शानदार जीत दर्ज की है। फिलहाल टीम अंक तालिका में शीर्ष पर बनी हुई है। आरसीबी फिलहाल चार अंक लेकर तीसरे पायदान पर है। बता दें कि, राजस्थान ने पांचवीं बार आईपीएल में 200 से ज्यादा रनों के लक्ष्य को हासिल किया। इस मामले में शीर्ष पर पंजाब किंग्स है, जिसने नौ बार यह कारनामा किया है। वहीं, दूसरे स्थान पर छह बार ऐसा करने वाली मुंबई इंडियंस है। वहीं, आरसीबी की आईपीएल में यह 200+ के स्कोर का बचाव करते हुए सातवीं हार है।



