CM योगी से मिले विधायक, बंद चीनी मिल की नीलामी रोकने की उठाई बड़ी मांग
बरेली के नवाबगंज विधायक डॉ. एमपी आर्य ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर ओसवाल ओवरसीज शुगर मिल की नीलामी रोकने की मांग की। किसानों के बकाया भुगतान, सरकारी अधिग्रहण और क्षेत्रीय विकास के मुद्दे भी उठाए गए।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: नवाबगंज क्षेत्र के हजारों गन्ना किसानों के बकाया भुगतान को लेकर भाजपा विधायक डॉ. एमपी आर्य ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर ओसवाल ओवरसीज शुगर मिल की नीलामी रोकने की मांग की है। विधायक का कहना है कि यदि मिल की नीलामी होती है तो किसानों का करोड़ों रुपये का बकाया भुगतान प्रभावित हो सकता है।
दो साल से बंद है चीनी मिल
शुक्रवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री को सौंपे गए पत्र में विधायक ने बताया कि ओसवाल ओवरसीज शुगर मिल पिछले दो वर्षों से बंद है और गन्ना किसानों का भुगतान लंबित है। उनके अनुसार, भुगतान न होने के कारण मिल की नीलामी की प्रक्रिया शुरू हुई है। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि किसानों के हितों को देखते हुए इस मामले में हस्तक्षेप किया जाए।
सरकारी अधिग्रहण का दिया सुझाव
डॉ. एमपी आर्य ने सुझाव दिया कि नीलामी कराने के बजाय राज्य सरकार मिल का अधिग्रहण कर उसके संचालन की व्यवस्था करे। उनका कहना है कि इससे किसानों का बकाया भुगतान सुनिश्चित हो सकेगा और नवाबगंज क्षेत्र के प्रमुख औद्योगिक प्रतिष्ठान को भी बचाया जा सकेगा।
क्षेत्र के विकास से जुड़े तीन प्रस्ताव भी रखे
मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान विधायक ने क्षेत्र में औद्योगिक एवं रोजगार क्षेत्र स्थापित करने, एक कंपोजिट स्कूल खोलने तथा अनुसूचित जाति एवं जनजाति बहुल बस्ती के लिए रोडवेज बस स्टैंड बनवाने का प्रस्ताव भी रखा। विधायक के अनुसार मुख्यमंत्री ने सभी मांगों पर गंभीरता से विचार कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देने का आश्वासन दिया है। इस पहल से क्षेत्र के किसानों और स्थानीय लोगों में उम्मीद जगी है।
रिपोर्ट- सुनील सक्सेना, बरेली



