CM योगी के सामने पहुंची 200 लोगों की फरियाद, अधिकारियों को तुरंत मिले ये सख्त निर्देश
गोरखपुर में CM योगी आदित्यनाथ ने जनता दर्शन में करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनीं। अधिकारियों को शिकायतों के शीघ्र निस्तारण, जरूरतमंदों के इलाज और भू-माफिया पर कार्रवाई के निर्देश दिए।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: गोरखपुर में शनिवार सुबह गोरखनाथ मंदिर का माहौल उस वक्त बदला नजर आया, जब अलग-अलग जिलों से पहुंचे लोग अपनी समस्याएं लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सामने पहुंचे। किसी के सामने जमीन का विवाद था तो कोई इलाज के लिए आर्थिक मदद की उम्मीद लेकर आया था। मुख्यमंत्री ने करीब 200 लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को समयबद्ध व संवेदनशील तरीके से समाधान के निर्देश दिए।
बिना भेदभाव हर समस्या के समाधान पर जोर
महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री स्वयं लोगों तक पहुंचे और उनके प्रार्थना पत्र लिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के शीघ्र और संतोषजनक निस्तारण के निर्देश दिए।
सीएम योगी ने कहा कि बिना भेदभाव हर व्यक्ति की समस्या का समाधान सरकार की प्राथमिकता है। राजस्व और कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में उन्होंने विशेष तेजी बरतने को कहा। अवैध कब्जे और भू-माफिया से जुड़े मामलों में भी कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
पैसे की कमी से नहीं रुकेगा गंभीर मरीजों का इलाज
जनता दर्शन में गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने पहुंचे लोगों को मुख्यमंत्री ने भरोसा दिया कि धन के अभाव में किसी का उपचार नहीं रुकने दिया जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों को जरूरतमंद मरीजों के उच्चस्तरीय इलाज का इस्टीमेट जल्द तैयार कराने को कहा। इस्टीमेट उपलब्ध होने के बाद उपचार के लिए आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
पारिवारिक विवाद में संवाद, फिर गोसेवा
पारिवारिक विवादों की शिकायत लेकर आए लोगों से मुख्यमंत्री ने संवाद के जरिए समाधान की पहल पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से संबंधित पक्षों के बीच बातचीत कराकर आपसी सहमति का रास्ता तलाशने को कहा।
जनता दर्शन के बाद मुख्यमंत्री ने गोरखनाथ मंदिर में गुरु गोरखनाथ का दर्शन-पूजन किया और ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की प्रतिमा के समक्ष नमन किया। इसके बाद गोशाला पहुंचकर गोसेवा की और गोवंश को गुड़-पूड़ी खिलाई।
रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर
यह भी पढ़ें: छात्रा ने डीएम को बांधी राखी, डीएम ने दिया फीस और साइकिल का तोहफा



