कांशीराम जयंती पर कांग्रेसियों ने किया माल्यार्पण, भारत रत्न देने की उठाई मांग
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने काशीराम की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में सामाजिक न्याय के पुरोधा कांशीराम की जयंती के अवसर पर रविवार को जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में शहर स्थित काशीराम पार्क में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने काशीराम की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित ने कहा कि काशीराम ने क्लास वन की नौकरी छोड़कर सामाजिक जनचेतना और दलित, पिछड़े एवं अल्पसंख्यक वर्गों के अधिकारों के लिए संघर्ष किया। उन्होंने पहले बामसेफ का गठन किया और वर्ष 1984 में बहुजन समाज पार्टी (BSP) की स्थापना कर देशभर में जनजागरण का कार्य किया।
राजेश दीक्षित ने यह भी कहा कि ऐसे महापुरुष को भारत रत्न से सम्मानित किया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी काशीराम को भारत रत्न देने की मांग उठाई।
जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष सीमा खान ने कहा कि काशीराम का सिद्धांत “जिसकी जितनी संख्या भारी, उसकी उतनी हिस्सेदारी” सामाजिक न्याय की मजबूत सोच को दर्शाता है। उन्होंने यह भी बताया कि काशीराम ने दलित की बेटी मायावती को प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाकर समाज में नई मिसाल कायम की। सीमा खान ने केंद्र और राज्य सरकार से काशीराम जयंती पर सरकारी अवकाश की घोषणा करने की मांग भी की।
रिपोर्ट -इकबाल खान, बांदा



