सीतापुर में कांग्रेस का बड़ा सम्मेलन, छात्रों के मुद्दों पर आंदोलन तेज करने का ऐलान
उत्तर प्रदेश के सीतापुर शहर स्थित उत्सव गेस्ट हाउस में रविवार को कांग्रेस द्वारा 'राहुल जी की बात- छात्रों के साथ' कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश के सीतापुर शहर स्थित उत्सव गेस्ट हाउस में रविवार को कांग्रेस द्वारा ‘राहुल जी की बात- छात्रों के साथ’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
सम्मेलन में बड़ी संख्या में छात्र, युवा, कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शिक्षा, रोजगार, पेपर लीक, प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता और युवाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत में आयोजक रत्नम राठौर ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कहा कि प्रदेश और देश के लाखों छात्र लगातार पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं और रोजगार के सीमित अवसरों जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों पर लाठीचार्ज और युवाओं की आवाज को दबाने की घटनाएं लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय हैं। कांग्रेस पार्टी इन मुद्दों पर लगातार संघर्ष कर रही है और आगे भी छात्रों तथा युवाओं के अधिकारों की लड़ाई मजबूती से जारी रखेगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीतापुर सांसद राकेश राठौर ने कहा कि कांग्रेस और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी लगातार शिक्षा और रोजगार के सवालों को संसद से लेकर सड़क तक उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और निष्पक्ष प्रतियोगी परीक्षाएं प्रत्येक युवा का अधिकार हैं। उन्होंने युवाओं से लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीकों से अपने अधिकारों के लिए जागरूक रहने और संघर्ष जारी रखने का आह्वान किया।
सांसद राकेश राठौर ने कहा कि देश का भविष्य युवाओं के हाथों में है और यदि उन्हें समय पर रोजगार, बेहतर शिक्षा और निष्पक्ष अवसर नहीं मिलेंगे तो यह पूरे समाज के लिए चिंता का विषय होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस युवाओं की समस्याओं को हर मंच पर उठाती रहेगी और उनकी आवाज बनने का कार्य करती रहेगी।
सम्मेलन के दौरान कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष शिव प्रकाश सिंह तथा कांग्रेस दलित प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे का प्रस्ताव रखा। प्रस्ताव पर उपस्थित प्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने चर्चा के बाद सर्वसम्मति से समर्थन व्यक्त किया और इसे ध्वनिमत से पारित कर दिया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. बृजबिहारी ने किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में छात्रों और युवाओं की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है तथा उनके मुद्दों पर गंभीर संवाद होना आवश्यक है।
सम्मेलन में विभिन्न वक्ताओं ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार, सरकारी भर्तियों में पारदर्शिता, पेपर लीक की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई, युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर और प्रतियोगी परीक्षाओं को निष्पक्ष तरीके से आयोजित कराने की मांग दोहराई।
कार्यक्रम के समापन पर कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी भविष्य में भी छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर जनजागरण अभियान चलाती रहेगी और लोकतांत्रिक तरीके से उनकी आवाज को बुलंद करेगी।
इस अवसर पर कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे। सम्मेलन शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।



