एक लाख का इनामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में घायल, STF और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
गोरखपुर में STF और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक लाख रुपये का इनामी बदमाश मुस्तफिजुल रहमान मुठभेड़ में घायल हो गया। मौके से हथियार और मोटरसाइकिल बरामद की गई, जबकि एक मुख्य आरक्षी भी घायल हुए।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: गोरखपुर में रविवार देर रात एसटीएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक लाख रुपये के इनामी बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी मुस्तफिजुल रहमान उर्फ बाबू पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से घायल हो गया। इस दौरान एक मुख्य आरक्षी भी घायल हुए हैं। दोनों का उपचार अस्पताल में कराया जा रहा है।
चेकिंग के दौरान पुलिस से हुआ सामना
पुलिस के मुताबिक, रविवार रात करीब 11 बजे रामनगर करजहा से कुशीनगर लेन के पास एसटीएफ और पुलिस की टीम संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान आजमगढ़ जिले के मेहनगर क्षेत्र निवासी मुस्तफिजुल रहमान उर्फ बाबू वहां पहुंचा। पुलिस का दावा है कि कार्रवाई के दौरान मुठभेड़ हुई, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा।
मुख्य आरक्षी भी हुए घायल
मुठभेड़ के दौरान मुख्य आरक्षी महेंद्र सिंह भी घायल हो गए। घटना के बाद दोनों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने मौके से एक .32 बोर पिस्टल, एक मोटरसाइकिल, खोखा और कारतूस बरामद किए हैं।
हत्या समेत कई गंभीर मामलों में वांछित था आरोपी
पुलिस के अनुसार, मुस्तफिजुल रहमान के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, धमकी और पुलिस हिरासत से फरार होने सहित करीब 10 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वर्ष 2021 के एक हत्या मामले में उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। इसके अलावा दिसंबर 2024 में महाराष्ट्र के अमरावती ग्रामीण क्षेत्र से पुलिस हिरासत से फरार होने का मामला भी उसके खिलाफ दर्ज है।
रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर
यह भी पढ़ें: गजपुर-गगहा मार्ग की बदहाल सड़क का विधायक ने लिया जायजा, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश



