गोरखपुर की समस्याओं पर कुलदीप पाण्डेय का बड़ा हमला, महंगाई से जलभराव तक उठाए कई मुद्दे
गोरखपुर में राष्ट्रीय सर्व जनकल्याण संकल्प पार्टी ने महंगाई, बिजली कटौती, जलभराव, हाउस टैक्स और अन्य जनसमस्याओं को लेकर जनजागरण अभियान शुरू करने का ऐलान किया। प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की गई।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: गोरखपुर में बढ़ती महंगाई, बिजली संकट, जलभराव और अन्य नागरिक समस्याओं को लेकर राष्ट्रीय सर्व जनकल्याण संकल्प पार्टी ने जनजागरण अभियान शुरू करने की घोषणा की है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलदीप पाण्डेय ने सोमवार को जारी प्रेस नोट में कहा कि जनहित से बड़ा कोई मुद्दा नहीं है और आम जनता की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है।
पोस्टर अभियान के जरिए उठाए कई जनमुद्दे
पार्टी की ओर से जारी जनजागरूकता पोस्टर में महंगा बिजली बिल, लगातार बिजली कटौती, रसोई गैस, पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतें, नगर निगम के हाउस टैक्स में वृद्धि, जलभराव, जर्जर सड़कें, बांस-बल्ली के सहारे बिजली आपूर्ति, बिजली के पोल की कमी, बेरोजगारी, स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया है।
“आम जनता मूलभूत सुविधाओं से वंचित”
कुलदीप पाण्डेय ने दावा किया कि शहर के कई इलाकों में लोग आज भी मूलभूत सुविधाओं के अभाव में जीवन यापन कर रहे हैं। उनके अनुसार, बढ़ती महंगाई और बिजली बिलों ने मध्यम व गरीब परिवारों का बजट प्रभावित किया है, जबकि अघोषित बिजली कटौती से व्यापार, शिक्षा और दैनिक जीवन पर असर पड़ रहा है। उन्होंने बरसात के दौरान जलभराव, खराब सड़कें, गंदे नाले और पेयजल की समस्या का भी उल्लेख किया।
प्रशासन से प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की मांग
पार्टी ने प्रशासन से जनहित से जुड़े मुद्दों पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की है। कुलदीप पाण्डेय ने कहा कि उनकी पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से जनता की आवाज शासन-प्रशासन तक पहुंचाने और समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए निरंतर प्रयास करती रहेगी।
रिपोर्ट- अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर
यह भी पढ़ें: एक लाख का इनामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में घायल, STF और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई



