साइकिल व्यवसायी के बेटे ने NEET 2026 में लहराया परचम, पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर

महराजगंज के नौतनवा निवासी जिज्ञास कौशल ने NEET UG 2026 में पहले ही प्रयास में सफलता हासिल की। उनकी उपलब्धि पर पालिकाध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी ने घर पहुंचकर सम्मानित किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

4पीएम न्यूज नेटवर्क:  महराजगंज जिले के नौतनवा क्षेत्र के लिए नीट-यूजी 2026 का परिणाम गर्व का अवसर लेकर आया है। नगर के वार्ड संख्या-09 स्थित उस्मान नगर निवासी जिज्ञास कौशल ने अपने पहले ही प्रयास में NEET जैसी प्रतिष्ठित और चुनौतीपूर्ण परीक्षा में सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि पर पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

पहले प्रयास में हासिल की बड़ी सफलता

जिज्ञास कौशल की सफलता ने यह साबित कर दिया कि दृढ़ संकल्प, अनुशासन और निरंतर मेहनत के बल पर किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन ने न केवल परिवार बल्कि पूरे नौतनवा क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। शिक्षा जगत से जुड़े लोगों का मानना है कि यह उपलब्धि अन्य छात्रों के लिए भी प्रेरणादायक उदाहरण बनेगी।

पालिकाध्यक्ष ने घर पहुंचकर किया सम्मान

रविवार को नगर पालिका परिषद नौतनवा के अध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी जिज्ञास कौशल के आवास पहुंचे और उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने मिठाई खिलाकर छात्र की सफलता पर बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जिज्ञास की उपलब्धि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है।

माता-पिता और गुरुजनों को दिया सफलता का श्रेय

पालिकाध्यक्ष ने कहा कि जिज्ञास के पिता मनोज कौशल उच्च शिक्षित होने के बावजूद ईमानदारी और मेहनत के साथ साइकिल व्यवसाय से जुड़े हैं, जबकि उनकी माता राधा कौशल एक आदर्श गृहिणी हैं। उन्होंने जिज्ञास की सफलता का श्रेय माता-पिता के संस्कार, गुरुजनों के मार्गदर्शन और उनकी कड़ी मेहनत को दिया। कार्यक्रम में सभासद धर्मात्मा जायसवाल, अनिल मद्धेशिया, राहुल दूबे समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

यह भी पढ़ें: पहली ही बारिश में धंस गया करोड़ों का रामजानकी मार्ग, निर्माण गुणवत्ता पर उठे बड़े सवाल

Related Articles

Back to top button