डीडीयू विश्वविद्यालय को मिला नया कप्तान, प्रो. केपी सिंह ने संभाला कुलपति का पद
डीडीयू गोरखपुर विश्वविद्यालय के नए कुलपति प्रो. केपी सिंह ने कार्यभार संभाल लिया। शोध, नवाचार, कौशल विकास और रोजगारपरक शिक्षा को प्राथमिकता देने की बात कही।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: गोरखपुर के दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय को नया कुलपति मिल गया है। मंगलवार शाम प्रो. कृष्ण पाल (केपी) सिंह ने विश्वविद्यालय के कुलपति पद का कार्यभार संभाल लिया। कार्यभार ग्रहण करते ही उन्होंने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक और प्रशासनिक गतिविधियों की जानकारी ली और विद्यार्थियों के हित को अपनी प्राथमिकताओं में सबसे ऊपर रखने की बात कही।
प्रो. केपी सिंह ने संभाला कुलपति का कार्यभार
प्रो. केपी सिंह ने प्रति-कुलपति प्रो. शांतनु रस्तोगी से कुलपति पद का कार्यभार ग्रहण किया। विश्वविद्यालय अतिथि गृह पहुंचने पर अधिकारियों और शिक्षकों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने विश्वविद्यालय की मौजूदा गतिविधियों और व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
नए कुलपति ने कहा कि शैक्षणिक उत्कृष्टता, शोध एवं नवाचार, विद्यार्थियों के कौशल विकास और रोजगारपरक शिक्षा को और मजबूत करना उनकी प्राथमिकताओं में रहेगा। उन्होंने शिक्षकों और अधिकारियों से टीम भावना के साथ काम करने का आह्वान किया।
कई विश्वविद्यालयों में संभाल चुके हैं जिम्मेदारी
प्रो. केपी सिंह के पास उच्च शिक्षा और शोध का लंबा अनुभव है। वह जीबी पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर में बायोफिजिक्स के प्रोफेसर रहे हैं। इसके अलावा महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय, बरेली के कुलपति रह चुके हैं।
उन्होंने चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार और महाराणा प्रताप बागवानी विश्वविद्यालय, करनाल में भी कुलपति का दायित्व संभाला है। उत्तराखंड काउंसिल फॉर बायोटेक्नोलॉजी के निदेशक के रूप में भी काम किया है।
नैनोबायोटेक्नोलॉजी और बायोफिजिक्स में शोध
प्रो. सिंह ने अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय से रसायन विज्ञान में एमएससी, एमफिल और पीएचडी की है। उनका शोध मेम्ब्रेन बायोफिजिक्स, नैनोबायोसेंसर, नैनोमैटेरियल्स, लक्षित औषधि वितरण और आणविक निदान जैसे क्षेत्रों पर केंद्रित रहा है। उन्होंने स्लोवाकिया, क्रोएशिया और ब्रिटेन में उन्नत शोध कार्य भी किया है। उनके नाम कई शोध प्रकाशन और पुस्तकें हैं।
रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर
यह भी पढ़ें: ककराला-उसहैत रोड पर अचानक चली गोलियां, पुलिस मुठभेड़ में आरोपी के दोनों पैरों में लगी गोली



