मिर्जापुर: घर से निकले बुजुर्ग का खभवा बंधी में मिला शव, परिवार में मचा कोहराम

मिर्जापुर के हलिया क्षेत्र में घर से निकले 55 वर्षीय बुजुर्ग का शव खभवा बंधी में मिलने से सनसनी फैल गई। परिजनों में कोहराम मचा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा, रिपोर्ट के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: मिर्जापुर जिले से एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। एक बुजुर्ग जो बुधवार शाम रोज की तरह घर से निकले थे, उनका शव गुरुवार सुबह बंधी में मिलने से गांव में मातम पसर गया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव के लोग भी स्तब्ध हैं।

क्या है पूरा मामला?

थाना हलिया क्षेत्र के परसिया मुड़पेली गांव निवासी 55 वर्षीय राम किशोर बुधवार शाम करीब 5 बजे घर से निकले थे। देर रात तक उनके वापस न लौटने पर परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका। गुरुवार सुबह गौरवा स्थित सिंचाई विभाग की खभवा बंधी के किनारे ग्रामीणों की नजर एक जोड़ी जूते पर पड़ी। शक होने पर इसकी सूचना परिजनों को दी गई। मौके पर पहुंचे परिजनों ने जब तलाश की, तो बंधी के पानी में राम किशोर का शव मिला।

सूचना पर पहुंची पुलिस, शुरू हुई जांच

घटना की जानकारी मिलते ही हलिया पुलिस मौके पर पहुंची। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि प्रशांत दुबे द्वारा दी गई सूचना के आधार पर पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया और पंचनामा की कार्रवाई शुरू की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। थानाध्यक्ष राजीव कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध लग रहा है, लेकिन मृत्यु का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

राम किशोर की मौत ने उनके परिवार को पूरी तरह तोड़ दिया है। उनकी पत्नी छबीलीया का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि मृतक के इकलौते बेटे मुरली की तीन साल पहले ही मौत हो चुकी थी। ऐसे में राम किशोर ही परिवार का एकमात्र सहारा थे। वह मेहनत मजदूरी करके अपने तीन अविवाहित नातिनों और दो नातियों का पालन-पोषण कर रहे थे। उनकी अचानक मौत से परिवार के सामने जीविका का संकट खड़ा हो गया है।

गांव में शोक का माहौल

इस घटना के बाद पूरे परसिया मुड़पेली गांव में शोक की लहर है। ग्रामीणों का कहना है कि राम किशोर मेहनती और शांत स्वभाव के व्यक्ति थे। उनकी इस तरह मौत होना सभी के लिए बेहद दुखद है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। यह साफ नहीं हो पाया है कि यह हादसा है, आत्महत्या है या फिर इसके पीछे कोई और वजह है। अब सबकी नजर पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी है, जो इस रहस्य से पर्दा उठा सकती है।

रिपोर्ट -संतोष देव गिरी

यह भी पढ़ें: मिर्जापुर में पुलिस चौकी के भीतर हमला, दरोगा-सिपाही की पिटाई का वीडियो वायरल, कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल

Related Articles

Back to top button