चार दिन से लापता किशोर का मिला शव, गन्ने के खेत का मंजर देख दहल गए ग्रामीण

सीतापुर के रेउसा क्षेत्र में चार दिन से लापता 13 वर्षीय मूक-बधिर किशोर के शव के अवशेष गन्ने के खेत में मिले। पुलिस और वन विभाग मामले की जांच में जुटे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारण स्पष्ट होंगे।

4पीएम न्यूज नेटवर्क:  रेउसा थाना क्षेत्र में चार दिन से लापता 13 वर्षीय मूक-बधिर किशोर के शव के अवशेष गन्ने के खेत में मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फिलहाल किशोर की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा नहीं हो सका है।

चार दिन पहले घर से हुआ था लापता

जानकारी के अनुसार, अचाकापुरवा छरेहटी मजरा रमुवापुर कालिका सिंह गांव निवासी सुर्जलाल का 13 वर्षीय पुत्र राहुल 4 जुलाई की सुबह घर से अचानक लापता हो गया था। काफी तलाश के बाद परिजनों ने रेउसा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।

गन्ने के खेत में मिले शव के अवशेष

बुधवार को ग्रामीणों ने गांव के पास गन्ने के खेत में मानव अवशेष पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद अवशेषों की पहचान राहुल के रूप में की। पुलिस के अनुसार, शव के कुछ हिस्से अलग-अलग गन्ने के खेतों में बिखरे मिले।

वन विभाग भी जांच में शामिल

घटना की सूचना पर वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि मौत के बाद शव को जंगली या आवारा जानवरों ने क्षतिग्रस्त किया हो। हालांकि यह केवल प्रारंभिक संभावना है और इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। थानाध्यक्ष हनुमंत तिवारी ने बताया कि शव के अवशेष पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आएगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

रिपोर्ट – वली चौधरी, सीतापुर

यह भी पढ़ें: पहली ही बारिश में डूब गई सड़क! बांदा के मवई बुजुर्ग में खुली व्यवस्थाओं की पोल

Related Articles

Back to top button