सेमीफाइनल में पहुंचा इंग्लैंड, पाकिस्तान की राह मुश्किल

- हैरी ब्रूक का तूफानी शतक, इंग्लैंड ने पाकिस्तान को 2 विकेट से हराया
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
कोलंबो। आईसीसी टी20 विश्वकप 2026 के सुपर चरण में इंग्लैंड ने कप्तान हैरी ब्रूक की ऐतिहासिक शतकीय पारी की बदौलत पाकिस्तान को रोमांचक मुकाबले में 2 विकेट से हरा दिया। कोलंबो में खेले गए इस हाई-वोल्टेज मैच में इंग्लैंड ने 165 रनों का लक्ष्य 19.1 ओवर में हासिल कर लिया। इस जीत के साथ इंग्लैंड सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई है, जबकि पाकिस्तान की राह अब बेहद कठिन हो गई है। मैच में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और निर्धारित 20 ओवर में 164 रन बनाए। पाकिस्तान की शुरुआत संतुलित रही, लेकिन टीम बड़े स्कोर तक नहीं पहुंच सकी।
इंग्लैंड ने बीच के ओवरों में रन गति पर अंकुश लगाया, जिससे पाकिस्तान 170 के पार नहीं जा सका। वहीं 165 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत बेहद खराब रही। पाकिस्तान के तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी ने पहली ही गेंद पर ओपनर फिल साल्ट को आउट कर इंग्लैंड को बड़ा झटका दिया। इसके बाद शाहीन ने अपनी शानदार गेंदबाजी जारी रखते हुए दो और विकेट झटके। इंग्लैंड ने महज 35 रन के स्कोर पर अपने तीन प्रमुख विकेट गंवा दिए थे और टीम पूरी तरह दबाव में आ गई थी। मुश्किल परिस्थितियों में इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। उन्होंने 100 रनों की नाबाद पारी खेली। मैच के अंतिम ओवरों में मुकाबला बेहद रोमांचक हो गया था। इंग्लैंड को जीत के लिए कुछ ही रन चाहिए थे, लेकिन पाकिस्तान के गेंदबाज लगातार दबाव बनाने की कोशिश कर रहे थे। आखिरकार इंग्लैंड ने 19.1 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया और 5 गेंद शेष रहते मैच अपने नाम कर लिया। वहीं पाकिस्तान का पहला मैच न्यूजीलैंड के खिलाफ बारिश के कारण रद्द हो गया था, जिससे उसे केवल एक अंक मिला था। अब इंग्लैंड से हार के बाद पाकिस्तान के लिए सेमीफाइनल में पहुंचना अन्य टीमों के परिणामों पर निर्भर हो गया है।
विश्वकप बीच में छोडक़र घर लौटे रिंकू सिंह
नई दिल्ली। भारत के स्टार बल्लेबाज रिंकू सिंह अपने घर वापस लौट गए हैं। रिंकू का इस तरह से भारतीय टीम को छोडक़र वापस जाना बड़ा झटका है क्योंकि टीम इंडिया को आने वाले सभी मैचों में जीत हासिल करनी है। रिंकू के पिता की तबीयत अचानक बिगड़ी है और इस वजह से उन्हें घर वापस लौटना पड़ा है। रिंकू भारतीय टीम के साथ कब जुड़ेंगे, इसको लेकर कोई जानकारी नहीं है। रिंकू टीम इंडिया के साथ जिम्बाब्वे के खिलाफ होने वाले मैच की तैयारी के लिए चेन्नई में मौजूद थे। हालांकि, अचानक उन्हें पिता की तबीयत बिगडऩे की खबर मिली और उन्हें कैंप छोडक़र अपने घर वापस लौटना पड़ा। सामने आई जानकारी के मुताबिक उनके पिता को चौथे स्टेज का लिवर कैंसर है। पिता को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और वे वेंटिलेटर पर हैं। उम्मीद है कि वे टी20 वर्ल्ड कप 2026 में जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे सुपर-8 मैच से पहले भारतीय टीम में शामिल हो जाएंगे।



