इवेंट पॉलिटिक्स से समस्याओं पर पर्दा

मोदी-मेलोनी की तस्वीरों से इंटरनेट पर उड़ रहा गर्दा

  • पीएम की विदेश यात्रा पर विपक्ष का तंज
  • बड़ा सवाल क्या भारत की जनता भी इसी चमक में खुद को देख पा रही है?

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। रोम की चमकती रोशनी में कैमरे फ्लैश कर रहे हैं मुस्कुराहटें और हैंडशेक करती सोशल मीडिया पर ट्रेंड हो रही तस्वीरों के बीच सवाल उठ रहे हैं कि क्या भारत की जनता भी इसी चमक में खुद को देख पा रही है? एक तरफ इटली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का भव्य स्वागत हो रहा है दूसरी तरफ भारत के भीतर महंगाई से मध्यम वर्ग टूट रहा है। बेरोजगारी से जूझता युवा है और विपक्ष का आरोप है कि देश की असली समस्याओं पर इवेंट पॉलिटिक्स का परदा डाला जा रहा है। रोम में तस्वीरें वायरल हैं लेकिन भारत में रसोई का बजट भी वायरल दर्द बन चुका है। इटली की प्रधानमंत्री मेलोनी के साथ मोदी की कैमिस्ट्री पर इंटरनेट मजे ले रहा है। मीम्स बन रहे हैं, वीडियो चल रहे हैं, लेकिन क्या यह वही दौर नहीं है जब देश के भीतर किसान एमएसपी की चिंता में है, छोटे कारोबारी टैक्स और बाजार की मार से दबे हैं और आम आदमी पेट्रोल, गैस और खाने के दामों से परेशान है? सवाल इसलिए भी बड़ा है क्योंकि यह सिर्फ एक विदेशी दौरा नहीं बल्कि उस नए भारत की तस्वीर है जिसे सरकार दुनिया के सामने पेश करना चाहती है।

पीएम जॉर्जिया मेलोनी की ओर से आयोजित डिनर में हिस्सा लिया

प्रधानमंत्री मोदी ने इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी की ओर से आयोजित डिनर में भी हिस्सा लिया। उन्होंने सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें भी साझा कीं और कहा कि वह बातचीत को आगे बढ़ाने के लिए उत्सुक हैं जिसमें दोनों नेता भारत-इटली संबंधों को और मजबूत करने पर चर्चा करेंगे। इससे पहले दिन में पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा कि रोम पहुंचने के बाद मुझे प्रधानमंत्री मेलोनी से डिनर पर मिलने का अवसर मिला और उसके बाद ऐतिहासिक कोलोसियम का दौरा किया। हमने कई विषयों पर विचारों का आदान-प्रदान किया। आज होने वाली बातचीत को लेकर उत्सुक हूं जिसमें हम भारत-इटली दोस्ती को और मजबूत करने पर आगे चर्चा करेंगे। इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने भी पीएम मोदी का इटली पहुंचने पर गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने मंगलवार रात रोम पहुंचने पर प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया। भारतीय प्रधानमंत्री के लिए व्यक्तिगत संदेश में मेलोनी ने एक्?स पर लिखा रोम में आपका स्वागत है मेरे दोस्त जिससे दोनों नेताओं के बीच अच्छे संबंधों का संकेत मिला। पीएम मोदी इटली की प्रधानमंत्री मेलोनी के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे और राष्ट्रपति सर्जियो मत्तारेला से भी मुलाकात करेंगे।]

रोम में पीएम मोदी का शानदार स्वागत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इटली के रोम में भारतीय समुदाय की ओर से दिए गए गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए आभार जताया है। साथ ही स्वागत समारोह में शानदार प्रस्तुति के लिए इतालवी कलाकारों को बधाई भी दी है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा है कि मैं इटली में भारतीय समुदाय की ओर से रोम में पिछली शाम मिले गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए बहुत आभारी हूं। भारत के प्रति उनका गहरा लगाव और भारत-इटली संबंधों को मजबूत करने की उनकी प्रतिबद्धता बहुत सराहनीय है। भारतीय प्रवासी दुनियाभर में लगातार हमारे देश का नाम रोशन कर रहे हैं। पीएम ने पोस्ट में लिखा है कि इटली में भारतीय संगीत काफी लोकप्रिय हो रहा है। रोम में हुए सामुदायिक स्वागत समारोह के दौरान पांच इतालवी कलाकारों ने हंसध्वनि की प्रस्तुति दी। वैलेरियो ब्रूनी (संतूर), लियो वर्तुनी (सितार), सिमोन मैटिएलो (बांसुरी), फ्र ांसेस्को घेराडी (तबला) और निकोलो मेलोची (बांसुरी) को ढेर सारी बधाई और शुभकामनाएं।

लिखा जा रहा है इतिहास

प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी यात्रा की जानकारी भी साझा की और बताया कि वह इटली के साथ संबंधों को मजबूत करने के उद्देश्य से आधिकारिक यात्रा पर रोम पहुंचे हैं। प्रधानमंत्री का मंगलवार रात इटली में आगमन हुआ जहां उनका स्वागत उपप्रधानमंत्री और विदेश मंत्री एंटोनियो ताजानी ने किया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने ‘एक्सÓ पर लिखा भारत और इटली की रणनीतिक साझेदारी में एक नया अध्याय लिखा जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आधिकारिक यात्रा पर रोम पहुंचे हैं। इटली के उपप्रधानमंत्री और विदेश मंत्री ने उनका एयरपोर्ट पर गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने आगे कहा भारत और इटली के बीच लंबे समय से बहुआयामी संबंध रहे हैं। यह यात्रा इन संबंधों को और नई गति देगी। विदेश मंत्रालय (एमईए) के अनुसार, यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब दोनों देशों के बीच संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं। दोनों देश 25-29 के संयुक्त रणनीतिक कार्य योजना को लागू कर रहे हैं। इस रोडमैप में व्यापार, निवेश, रक्षा, स्वच्छ ऊर्जा, नवाचार, विज्ञान और प्रौद्योगिकी और लोगों के बीच आपसी संबंध जैसे क्षेत्र शामिल हैं।

ग्लोबल स्टारडम से क्या घरेलू संकट हल हो जाएंगे?

सोशल मीडिया कह रहा है कि मोदी ग्लोबल स्टार हैं लेकिन विपक्ष सवाल पूछ रहा है कि क्या ग्लोबल स्टारडम से घरेलू संकट हल हो जाएंगे? क्या विदेशों में मिल रही लोकप्रियता देश के भीतर उठ रहे कठिन सवालों का जवाब है? और यही इस पूरी कहानी का सबसे तीखा पहलू है। रोम में कैमरे मुस्कान पकड़ रहे हैं लेकिन भारत के भीतर राजनीति अब उन सवालों को पकड़ रही है जिन्हें तस्वीरें छिपा नहीं सकतीं। क्योंकि क्योंकि लोकतंत्र में सिर्फ स्वागत नहीं देखा जाता उस स्वागत के पीछे छूटती हुई जनता की आवाज भी सुनी जाती है।

दुनिया फिल्मी फ्रेम से कहीं ज्यादा खतरनाक मोड़ पर खड़ी है

दुनिया की राजनीति इस समय किसी फिल्मी फ्रेम से कहीं ज्यादा खतरनाक मोड़ पर खड़ी है। एक तरफ अमेरिका का दबाव दूसरी तरफ रूस से रिश्तों की मजबूरी और सीमा पर लगातार चुनौती बनता चीन। ईरान और पश्चिम एशिया में युद्ध का खतरा और बढ़ रहा है और भारत इन सबके बीच संतुलन बनाने की कोशिश कर रहा है। ऐसे में विपक्ष पूछ रहा है कि क्या भारत की विदेश नीति अब रणनीति से ज्यादा इमेज मैनेजमेंट बनती जा रही है? क्या कैमरे के सामने की दोस्ती बंद कमरों में होने वाली कठिन बातचीत की सच्चाई छिपा सकती है? क्योंकि सच यह भी है कि चीन लगातार हिंद महासागर से लेकर एशिया तक अपना दबदबा बढ़ा रहा है। रूस-यूक्रेन युद्ध ने वैश्विक अर्थव्यवस्था को हिला दिया है। एक्सपर्ट के मुताबिक अमेरिका भारत को अपने खेमे में और मजबूती से देखना चाहता है। और इसी बीच भारत को अपने घरेलू संकट भी संभालने हैं। यानी बाहर तालियां हैं और अंदर तनाव है।

Related Articles

Back to top button