सीरीज का फाइनल मुकाबला कल, रोहित पर रहेंगी नजरें

- भारत और इंग्लैंड एक-एक मैच जीत कर सीरीज में बराबरी पर हैं
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
लंदन। भारत और इंग्लैंड के बीच तीसरा वनडे मुकाबला रविवार को लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर खेला जाएगा। तीन मैचों की सीरीज फिलहाल 1-1 की बराबरी पर है और अब विजेता का फैसला आखिरी मुकाबले में होगा। इस मुकाबले में खासतौर पर रोहित शर्मा के प्रदर्शन पर हर किसी की निगाहें होंगी। पिछले दो दिनों से रोहित के भविष्य को लेकर कई तरह की अटकलें लगी हैं, जिन पर बीसीसीआई ने भी सफाई दी है। बीसीसीआई के सचिव देवजीत सैकिया ने कहा, रोहित शर्मा के भविष्य को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं, लेकिन बोर्ड स्तर पर इस विषय में कोई बातचीत नहीं हुई है।
मैं स्पष्ट करना चाहता हूं कि यह दावा पूरी तरह निराधार है कि रोहित रविवार को लॉर्ड्स में अपना अंतिम मैच खेलने वाले हैं। हलांकि रोहित को लॉर्ड्स का मैदान कुछ खास रास नहीं आता है। तीनों प्रारूप को मिलाकर रोहित ने इस मैदान पर कुल पांच मैच खेले हैं और इस दौरान उनके बल्ले से 22 की मामूली औसत से 133 रन आए हैं। रोहित शर्मा पहले वनडे मुकाबले में सिर्फ 11 रन बनाकर आउट हुए थे। वहीं, दूसरे वनडे मैच में वह 47 गेंदों का सामना करने के बाद महज 26 रन ही बना सके थे। आमतौर पर अपनी आक्रामक शैली के लिए मशहूर रोहित इस सीरीज में रन और बेहतर स्ट्राइक रेट के लिए जूझते नजर आए हैं। हालांकि, भारतीय टीम चाहेगी कि रोहित लॉर्ड्स में अपने खराब रिकॉर्ड को बेहतर करते हुए तीसरे वनडे में दमदार पारी खेलें।
वॉशिंगटन सुंदर तीसरे वनडे से बाहर
मुंबई। भारत को इंग्लैंड के खिलाफ निर्णायक तीसरे वनडे से पहले बड़ा झटका लगा है। ऑफ स्पिन ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर हैमस्ट्रिंग चोट के कारण रविवार को लॉर्ड्स में होने वाले मुकाबले से बाहर हो गए हैं। 26 वर्षीय वॉशिंगटन सुंदर को कार्डिफ में खेले गए दूसरे वनडे में बल्लेबाजी के दौरान चोट लगी। भारत की पारी के 33वें ओवर में रन लेते समय उनकी हैमस्ट्रिंग में खिंचाव आ गया। फिजियो कमलेश जैन ने मैदान पर उनका उपचार किया और दाहिनी जांघ पर भारी स्ट्रैपिंग की गई। जानकारी के मुताबिक, सुंदर की हैमस्ट्रिंग चोट ऐसी है कि उन्हें पूरी तरह फिट होने के लिए कुछ सप्ताह आराम और रिहैबिलिटेशन की जरूरत होगी। यही वजह है कि वह लॉर्ड्स वनडे के लिए उपलब्ध नहीं हैं। भारत के लिए यह बड़ा झटका इसलिए भी है क्योंकि टीम पहले से ही हार्दिक पांड्या, हर्षित राणा और नीतीश कुमार रेड्डी जैसे तेज गेंदबाजी ऑलराउंडरों की चोट से जूझ रही है। ऐसे में सुंदर जैसा संतुलित ऑलराउंडर उपलब्ध नहीं होना टीम संयोजन को प्रभावित कर सकता है।



