दिल्ली से लेकर मप्र तक आग का कहर
भीषण अग्निकांड में 16 लोगों की मौत, इंदौर में ब्रजेश्वरी एनेक्स कॉलोनी के एक मकान में आग लगने से 7 की मौत

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। दिल्ली से लेकर मप्र तक आग का कहर बरपा। इन अगिकांडों में 16 लोग अकाल ही मौत के मुंह में चले गए। मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में बुधवार की सुबह एक ह्रदय विदारक घटना सामने आई है। शहर की ब्रजेश्वरी एनेक्स कॉलोनी में स्थित एक रिहायशी मकान में भीषण आग लगने से सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के वक्त घर के सदस्य गहरी नींद में थे, जिससे उन्हें संभलने का मौका नहीं मिला।
पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) कुंदन मंडलोई ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि ब्रजेश्वरी एनेक्स कॉलोनी के एक मकान में बुधवार तडक़े साढ़े तीन बजे से साढ़े चार बजे के बीच आग लगी। उन्होंने कहा, ‘मकान से सात लोगों के शव निकाले गए हैं। बचाव कार्य समाप्त हो गया है और आग पर काबू पा लिया गया है।’ एसीपी ने बताया कि आग लगने का कारण पता लगाया जा रहा है।

जांच के घेरे में आग का कारण
फिलहाल आग लगने के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और फॉरेंसिक टीमें मौके पर मौजूद हैं। शुरुआती कयास शॉर्ट सर्किट को लेकर लगाए जा रहे हैं, लेकिन प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विस्तृत जांच के बाद ही असली वजह सामने आएगी। आसपास के लोगों का कहना है कि आग इतनी तेजी से फैली कि जब तक मदद पहुंचती, धुएं और लपटों ने घर को घेर लिया था। इस घटना ने एक बार फिर रिहायशी इलाकों में फायर सेफ्टी और आपातकालीन निकास की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय प्रशासन ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
दिल्ली के पालम में भीषण अग्निकांड! 9 लोगों की झुलसने से मौत
राजधानी दिल्ली के दक्षिण-पश्चिम इलाके में बुधवार की सुबह एक बड़े हादसे के साथ हुई। पालम मेट्रो स्टेशन के पास स्थित एक बहुमंजिला रिहायशी इमारत में भीषण आग लगने से नौ लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। दिल्ली फायर सर्विस के अनुसार, आग लगने की सूचना सुबह करीब 7:00 बजे मिली। घटना पालम मेट्रो स्टेशन के पास स्थित श्री राम चौक की गली नंबर-2 में एक रिहायशी बिल्डिंग में हुई। देखते ही देखते आग ने पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वहां रहने वाले लोग अंदर ही फंस गए। संकरी गली और धुएं के गुबार के कारण दमकलकर्मियों को अंदर फंसे लोगों तक पहुँचने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।पुलिस उपायुक्त (दक्षिण-पश्चिम) अमित गोयल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि जब आग लगी, उस समय बिल्डिंग के अंदर लगभग एक दर्जन लोग मौजूद थे।अमित गोयल,आग बुझाने और बचाव का अभियान अभी भी जारी है। दिल्ली पुलिस के जवान दमकलकर्मियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर लोगों को सुरक्षित निकालने और स्थिति को नियंत्रित करने में जुटे हैं।
सीएम भजनलाल ने अशोक गहलोत पर साधा निशाना
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर । राजस्थान दिवस के अवसर में आयोजित ‘राजस्थान युवा शक्ति दिवस’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर जमकर निशाना साधा। जयपुर के मानसरोवर स्थित टैगोर इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में सीएम ने बिना नाम लिए गहलोत के दिल्ली दौरों पर सवाल उठाने को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी।
सीएम ने कहा कि कुछ लोग पूछते हैं कि वे दिल्ली क्यों जाते हैं या क्यों नहीं जाते? इस पर उन्होंने तंज कसते हुए कहा, अरे तुम्हारी मर्जी से चलूंगा क्या, तुम हो क्या मेरे ऊपर? उन्होंने कहा कि वे जब भी दिल्ली जाते हैं, राजस्थान के लिए कुछ न कुछ लेकर ही लौटते हैं, जबकि पहले की सरकारें अपनी सत्ता बचाने के लिए होटल राजनीति करती थीं। भजनलाल शर्मा ने पूर्व सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आप तो होटलों में सोए थे, और जब दिल्ली जाते थे तो दोनों पैरों में पट्टी बांध लेते थे, जिससे यह दिखता था कि जाना इनके बस की बात नहीं है।
होंने अपनी कार्यशैली का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें ईश्वर से काम करने की शक्ति मिलती है और वे बिना थके जनता की सेवा में लगे रहते हैं। कार्यक्रम में उन्होंने अपनी सरकार के कामकाज का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी सरकार ने बजट में घाटा कम किया है और प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय में वृद्धि की है। उन्होंने बताया कि पहले यह 1.67 लाख रुपये थी, जो अब 2 लाख रुपये से अधिक हो गई है।
साध्वी निरंजन ज्योति राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष बनीं
पदभार ग्रहण करने की तस्वीरें साझा कीं
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। पूर्व केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी नेता साध्वी निरंजन ज्योति, राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष बनीं हैं। उन्होंने 18 मार्च, बुधवार को पद ग्रहण किया। पदभार ग्रहण करने की तस्वीरें साझा करते हुए ज्योति ने सोशल मीडिया साइट फेसबुक पर लिखा- सर्वमंगल मांगल्ये शिवे सर्वार्थ साधिके. शरण्ये त्र्यम्बके गौरी नारायणि नमोस्तुते॥
नई दिल्ली में राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष का पदभार ग्रहण किया। उन्होंने लिखा कि पिछड़े समाज के सम्मान, अधिकारों की रक्षा और उनके समग्र विकास के लिए समर्पित यह दायित्व प्रदान करने के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हृदय से आभार। राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग का यह संकल्प है कि पिछड़े समाज को न्याय, सुरक्षा, सम्मान और विकास के समान अवसर प्राप्त हों इसी भावना के साथ आयोग कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध है. जब पिछड़ा समाज सशक्त होगा, तभी भारत चतुर्दिक विकास पथ पर अग्रसर बनेगा। पूर्व सांसद के पदभार ग्रहण करने पर यूपी बीजेपी चीफ पंकज चौधरी ने लिखा कि पूर्व सांसद साध्वी निरंजन ज्योति को राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष पदभार संभालने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।
प्रद्युत बोरदोलोई का इस्तीफा दुर्भाग्यपूर्ण: प्रियंका गांधी
कांग्रेस सांसद ने बीजेपी का थामा दामन, भाजपा ने राहुल गांधी को घेरा
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। कांग्रेस को विधानसभा चुनावों से पहले असम में झटका लगा है। राज्य से पार्टी सांसद प्रद्युत बोरदोलोई ने न सिर्फ कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया है, बल्कि बीजेपी में शामिल भी हो गए हैं। प्रियंका गांधी वाड्रा असम में कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी की चेयरपर्सन हैं, लिहाजा यह पार्टी के लिए राजनीतिक रूप से भी बड़ा नुकसान है।
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने प्रद्युत बोरदोलोई के इस्तीफे को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए माना है कि शायद वह टिकट को लेकर अपसेट हो गए। लेकिन, बीजेपी ने बिना मौका गंवाए इसके लिए राहुल गांधी की नेतृत्व क्षमता पर हमला बोल दिया। बजट सत्र में शामिल होने संसद पहुंचीं केरल के वायनाड से कांग्रेस एमपी और असम में पार्टी की स्क्रीनिंग कमेटी की चेयरपर्सन से जब सांसद प्रद्युत बोरदोलोई के कांग्रेस छोडऩे के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा,यह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। मुझे लगता है कि वह टिकट आवंटन को लेकर अपसेट थे और शायद इस बारे में हमें बात करने का मौका मिला होता।
बीजेपी बोली कांग्रेस में राहुल गांधी के खिलाफ विद्रोह
बीजेपी ने असम कांग्रेस को लगे इस झटके के बाद राहुल गांधी पर जोरदार हमला किया है। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कहा- भूपेन बोरा के बाद एक और हिंदू नेता प्रद्युत बारदोलोई ने भी असम कांग्रेस छोड़ दिया…कांग्रेस नेता राहुल गांधी और गौरव गोगोई के हिंदू-विरोधी और असम विरोधी राजनीति के खिलाफ खुला विद्रोह कर रहे हैं है….। उधर बीजेपी के एक और प्रवक्ता शहजाद जयहिंद ने इसके बारे में एक्स पर प्रतिक्रिया में लिखा, टुकड़े टुकड़े कांग्रेस को बड़ा झटका। कांग्रेस एमपी प्रद्युत बारदोलोई और प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष और एआईसीसी सदस्य नवज्योति तालुकदार दोनों ने इस्तीफा दे दिया है। राहुल को जनता ने रिजेक्ट किया..राहुल को सहयोगियों ने रिजेक्ट किया..अब कांग्रेस के नेताओं ने भी राहुल को रिजेक्ट किया।
सेवानिवृत्त हो रहे सांसदों को दी गई विदाई, कांग्रेस अध्यक्ष ने देवेगौड़ा से ली चुटकी
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। संसद में सेवानिवृत्त हो रहे सांसदों को विदाई दी गई। विदाई के दौरान पीएम मोदी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे मौजूद रहे। मल्लिकार्जुन खरगे ने अपने व्यंग्यात्मक अंदाज से सबका ध्यान खींचा, जब उन्होंने एचडी देवेगौड़ा की राजनीतिक निष्ठा पर सवाल उठाते हुए उन्हें विपक्ष से प्रेम और मोदी जी से शादी करने की सलाह दी। खरगे की इस टिप्पणी ने जेडीएस और भाजपा के बीच पनपते संभावित गठबंधन की ओर एक गहरा राजनीतिक संकेत दिया, जिससे सदन में हंसी की लहर दौड़ गई।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की एक चुटीली टिप्पणी ने संसद में चल रही गंभीर बहस को हंसी के माहौल में बदल दिया। पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवेगौड़ा पर उनके व्यंग्यात्मक कटाक्ष ने प्रधानमंत्री को भी मुस्कुराने पर मजबूर कर दिया। संसद की कार्यवाही के दौरान, खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रशंसा में दिए गए देवेगौड़ा के बयान पर हल्के-फुल्के अंदाज में तंज कसा। शब्दों का चतुराई से प्रयोग करते हुए खरगे ने कहा कि देवेगौड़ा विपक्ष के साथ साझेदारी तो चाहते हैं, लेकिन भाजपा के साथ विवाह करना चाहते हैं। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा, प्रेम हमारे साथ, शादी मोदी जी के साथ, जिससे सदन में हंसी गूंज उठी।
प्रधानमंत्री मोदी ने राज्यसभा सदस्यों को दी विदाई
वहीं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को अप्रैल से जुलाई के बीच राज्यसभा से सेवानिवृत्त हो रहे 59 सांसदों को विदायी देते हुए संसद को एक खुला विश्वविद्यालय करार दिया। पीएम ने सेवानिवृत्त हो रहे सांसदों से राष्ट्रीय जीवन में योगदान जारी रखने का आह्वान करते हुए कहा राजनीति में फुल स्टॉप नहीं होता।उच्च सदन में मोदी ने कहा कि ऐसे क्षण स्वाभाविक रूप से पार्टीगत मतभेदों को भुला देते हैं। उन्होंने कहा ‘‘हम सभी में एक साझा भावना उत्पन्न होती है – यह एहसास कि हमारे सहयोगी अब अन्य प्रयासों को आगे बढ़ाने जा रहे हैं।उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद कुछ सदस्य पुन: सदन में आएंगे और कुछ नहीं आएंगे। ऐसे सदस्यों को प्रधानमंत्री ने आश्वस्त करते हुए कहा ‘‘राजनीति में फुल स्टॉप जैसी कोई चीज़ नहीं होती। भविष्य आपका भी इंतजार कर रहा है, और आपका अनुभव हमेशा हमारे राष्ट्रीय जीवन का स्थायी हिस्सा रहेगा।’’
पीएम ने खरगे, देवेगौड़ा व पवार की सरहना की
मोदी ने तीन वरिष्ठ नेताओं पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवेगौड़ा, नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शप) प्रमुख शरद पवार की खास तौर पर सराहना की और उन्हें ऐसे स्तंभ बताया जिन्होंने अपने जीवन का आधे से अधिक समय संसदीय कार्यवाहियों में बिताया।
खरगे ने सभी सेवानिवृत्त होने वाले सांसदों को विदाई दी
मल्लिकार्जुन खरगे ने उच्च सदन से सेवानिवृत्त होने वाले सांसदों को विदाई देने में भाग लिया और इस बात पर जोर दिया कि लोक सेवा के प्रति प्रतिबद्धता औपचारिक पदों से परे भी जारी रहती है। खुद जून में राज्यसभा से सेवानिवृत्त होने वाले खरगे ने विदाई समारोह में भाग लिया, जिसकी शुरुआत सांसदों द्वारा अप्रैल से जुलाई के बीच अपना कार्यकाल पूरा करने वाले सेवानिवृत्त सांसदों को शुभकामनाएं देने से हुई। चर्चा के दौरान बोलते हुए, खरगे ने संसदीय जिम्मेदारियों की चिरस्थायी प्रकृति और सदन की निरंतरता पर प्रकाश डाला। खरगे ने एनसीपी (एसपी) प्रमुख शरद पवार की सदन में वापसी पर भी संतोष व्यक्त किया। रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले के बारे में बात करते हुए उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि अपनी कविताओं के माध्यम से वे हमेशा प्रधानमंत्री मोदी की प्रशंसा करते हैं। हमेशा।



