रात 8:52 बजे चटोरी गली में मचा हड़कंप, दुकान में लगी आग से मची अफरातफरी

गोरखपुर की चटोरी गली में कवाब-पराठा की दुकान में अचानक आग लग गई। दमकल की दो गाड़ियों ने 20 मिनट में आग बुझाई। दो आसपास की दुकानें भी प्रभावित हुईं, लेकिन जनहानि नहीं हुई।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: गोरखपुर की मशहूर चटोरी गली में शुक्रवार रात अचानक आग लगने से अफरातफरी मच गई। बाल विहार क्षेत्र में फर्स्ट फ्लोर पर चल रही कवाब-पराठा की दुकान से धुआं और तेज लपटें निकलती देख लोग सहम गए। आग की सूचना मिलते ही ग्राहक और दुकानदार बाहर निकल आए। दमकल की दो गाड़ियों ने करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।

अचानक धुआं उठा और मच गई अफरातफरी

घटना रात करीब 8:52 बजे की बताई जा रही है। चटोरी गली में कवाब-पराठा की दुकान फर्स्ट फ्लोर पर संचालित होती है। अचानक दुकान के भीतर आग भड़क उठी। देखते ही देखते धुआं बाहर निकलने लगा और लपटें तेज हो गईं। आग का पता चलते ही दुकान में मौजूद लोग और आसपास आए ग्राहक बाहर की ओर भागे। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।

दमकल की दो गाड़ियों ने 20 मिनट में बुझाई आग

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने करीब 20 मिनट तक प्रयास कर आग को काबू में किया। हालांकि तब तक दुकान में रखा खाद्य सामान और अन्य सामग्री जलकर राख हो चुकी थी। आग की चपेट में आने से बगल की दो दुकानों को भी हल्का नुकसान पहुंचा है। समय रहते लोगों के बाहर निकल जाने से बड़ा हादसा टल गया।

शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच के बाद साफ होगी वजह

प्रत्यक्षदर्शियों ने आग की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया है और आग लगने के वास्तविक कारण की जांच की जा रही है। फायर अधिकारी के मुताबिक, समय पर सूचना मिलने और दमकल टीम के पहुंचने से आग को आसपास की दुकानों तक फैलने से रोक लिया गया। अगर कार्रवाई में थोड़ी भी देरी होती तो नुकसान काफी बढ़ सकता था।

रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय,गोरखपुर

यह भी पढ़ें: यूपी में जल्द होगा स्पेशल TET, लाखों शिक्षकों को मिलेगी राहत?

Related Articles

Back to top button