भारत और इंग्लैंड के बीच पहला टी20 मैच आज

- सूर्यवंशी कर सकते हैं डेब्यू बारिश कर सकती है खेल को खराब
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
चेस्टर ली स्ट्रीट। आयरलैंड के खिलाफ मिली करारी शिकस्त को भुलाकर भारतीय क्रिकेट टीम आज से इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज के जरिए एक नई शुरुआत करने उतर रही है। नए कप्तान श्रेयस अय्यर की अगुवाई में ‘मेन इन ब्लू’ बुधवार को चेस्टर-ली-स्ट्रीट के रिवरसाइड ग्राउंड पर मेजबान इंग्लैंड का सामना करेगी। आयरलैंड में 2-0 से क्लीन स्वीप होने के बाद टीम इंडिया के पास इस सीरीज के जरिए अपनी खोई हुई लय और आत्मविश्वास वापस पाने का मौका है, लेकिन इस महामुकाबले से पहले काले बादलों का साया मंडरा रहा है।
बारिश खेल में खलल डाल सकती है। वहीं भारतीय बल्लेबाजों को अपनी सोच और खेलने के तरीके में बदलाव करना होगा क्योंकि इंग्लैंड में भी लगभग आयरलैंड जैसे ही हालात होंगे और वहां अधिक बेहतर और अनुभवी खिलाडिय़ों से सामना होगा। इंग्लैंड के पास जोश टंग, साकिब महमूद और सोनी बेकर जैसे बहुत तेज गति वाले गेंदबाज हैं और आदिल रशीद तथा रेहान अहमद जैसे चतुर स्पिन गेंदबाज भी हैं। वहीं भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने सीरीज शुरू होने से एक दिन पहले वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू को लेकर चुप्पी साध ली, लेकिन कहा कि कुछ महीने पहले टी20 वल्र्ड कप जीतने वाले खिलाडिय़ों का समर्थन करना जरूरी है। आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए सूर्यवंशी को टीम में शामिल किए जाने के बाद से उनके डेब्यू की मांग बढती जा रही है। हालांकि, अय्यर ने कहा कि सभी खिलाडिय़ों के लिए सुरक्षित माहौल होना जरूरी है। 15 साल के सूर्यवंशी को टीम में शामिल करने के लिए संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा की सलामी जोड़ी को तोडऩा होगा।
एशियाड के लिए भारतीय महिला टीम का एलान
मुंबई। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड की महिला चयन समिति ने सितंबर 2026 में जापान के आइची-नागोया में होने वाले एशियन गेम्स के लिए भारतीय महिला क्रिकेट टीम की घोषणा कर दी है। हरमनप्रीत कौर टीम की कप्तानी करेंगी, जबकि स्मृति मंधाना को उपकप्तान बनाया गया है। भारतीय टीम मौजूदा चैंपियन के रूप में टूर्नामेंट में उतरेगी। उसने 2023 में चीन के हांगझोउ एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीता था। टीम में ज्यादातर वही खिलाड़ी हैं जो हाल ही में महिला टी20 विश्वकप का हिस्सा रही थीं। केवल यास्तिका भाटिया को स्क्वॉड से बाहर किया गया है। बल्लेबाजी विभाग में शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, दीप्ति शर्मा और विकेटकीपर बल्लेबाज ऋ चा घोष शामिल हैं। जी. कमलिनी को दूसरे विकेटकीपर के रूप में टीम में जगह मिली है। गेंदबाजी आक्रमण की जिम्मेदारी रेणुका ठाकुर, क्रांति गौड़, अरुंधति रेड्डी, राधा यादव और भारती फुलमाली संभालेंगी। वहीं श्री चरणी, श्रेयंका पाटिल और नंदनी शर्मा टीम को अतिरिक्त मजबूती देंगी। हालांकि, बीसीसीआई ने स्पष्ट किया है कि श्रेयंका पाटिल का चयन उनकी फिटनेस क्लीयरेंस के अधीन रहेगा।



