बरेली में पहली बार कांवड़ियों का होगा शाही स्वागत, पुष्पवर्षा और भंडारे की खास तैयारी
बरेली में पहली बार बीडीए कांवड़ियों का पुष्पवर्षा और भंडारे के साथ स्वागत करेगा। कांवड़ यात्रा के लिए मार्ग सुधार, मेडिकल कैंप, विश्राम स्थल, पेयजल, मोबाइल टॉयलेट और अन्य सुविधाओं की विशेष व्यवस्था की गई है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को लेकर इस बार बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने श्रद्धालुओं के लिए विशेष तैयारियां की हैं। पहली बार बीडीए की ओर से कांवड़ियों का पुष्पवर्षा के साथ स्वागत किया जाएगा। इसके अलावा भंडारा, विश्राम स्थल, मेडिकल कैंप और अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। अधिकारियों का कहना है कि उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और बेहतर यात्रा अनुभव उपलब्ध कराना है।
कांवड़ मार्गों को बनाया जा रहा सुरक्षित और सुगम
बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पांडे ने बताया कि कछला और हरिद्वार से आने वाले कांवड़ियों के लिए मार्गों का चौड़ीकरण, समतलीकरण और मरम्मत कराई जा रही है। साथ ही स्ट्रीट लाइट, जल निकासी, साफ-सफाई और यातायात बाधाओं को हटाने का कार्य भी तेज़ी से चल रहा है।
पुष्पवर्षा, सेल्फी प्वाइंट और शिवमय वातावरण
शहर के चार प्रमुख प्रवेश द्वारों को आकर्षक सजावट और रंगीन रोशनी से सजाया जाएगा। पहली बार श्रद्धालुओं के लिए विशेष सेल्फी प्वाइंट भी बनाए जा रहे हैं। कांवड़ मार्ग पर भगवान शिव के भजनों का प्रसारण होगा। 16 और 17 अगस्त को तपेश्वरनाथ द्वार तथा अवैद्यनाथ द्वार पर कांवड़ियों का पुष्पवर्षा से स्वागत किया जाएगा।
श्रद्धालुओं के लिए रहेंगी ये सुविधाएं
यात्रा मार्ग पर भंडारा स्टॉल, विश्राम स्थल, मेडिकल कैंप, एंबुलेंस सेवा, कांवड़ स्टैंड, मोबाइल टॉयलेट, मोबाइल चार्जिंग हब, शुद्ध पेयजल और अंगवस्त्र वितरण जैसी सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। बीडीए का कहना है कि सभी तैयारियां समयबद्ध और गुणवत्ता के साथ पूरी की जा रही हैं।
रिपोर्ट – सुनील सक्सेना, बरेली
यह भी पढ़ें: सीतापुर में ऑनर या गुस्से का खौफनाक अंजाम? बहन की हत्या के बाद फरार भाई



