राजस्थान: भीलवाड़ा में शादी में शराब समझकर पी लिया एसिड, चार लोगों की मौत

उदयपुर। राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के गंगापुर कस्बे में एक शादी समारोह के दौरान बड़ा हादसा हो गया। साफ-सफाई के लिए बुलाए गए कुछ लोगों ने समारोह स्थल पर रखी एसिड की बोतलों को शराब समझकर पी लिया। थोड़ी देर बाद सभी की तबीयत अचानक बिगड़ गई।
अलोली गांव में हुआ हादसा
यह घटना गंगापुर क्षेत्र के अलोली गांव की बताई जा रही है। एसिड पीने के बाद पीड़ितों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान तीन लोगों की गंगापुर अस्पताल में ही मौत हो गई। एक अन्य गंभीर घायल को भीलवाड़ा रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।
एक का इलाज जारी
हादसे में एक व्यक्ति की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है और अस्पताल में उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार एसिड शरीर में पहुंचने से आंतरिक अंग बुरी तरह झुलस गए, जिससे मौतें हुईं।
समारोह स्थल पर मचा हड़कंप
घटना के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि एसिड की बोतलें सफाई कार्य के लिए रखी गई थीं, जिन्हें शराब समझकर पी लिया गया।

Related Articles

Back to top button