राजपाल यादव की मदद के लिए आगे आए UP के ASP अनुज चौधरी, बोले- ‘मुस्कान देने वाले कलाकार को अकेला न छोड़ें’

चेक बाउंस और कर्ज अदायगी के पुराने मामले में दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद अभिनेता राजपाल यादव को अब खाकी का साथ मिला है। फिरोजाबाद के एएसपी (ग्रामीण) अनुज चौधरी ने राजपाल यादव की आर्थिक मदद के लिए हाथ बढ़ाया है। उन्होंने सार्वजनिक रूप से घोषणा की है कि वह अपने वेतन (सैलरी अकाउंट) से अभिनेता को 51 हजार रुपये की सहायता राशि देंगे।
‘कलाकार ने सालों तक हमें हंसाया’
एएसपी अनुज चौधरी ने इस मानवीय पहल के पीछे राजपाल यादव के प्रति अपने सम्मान और उनकी कला को वजह बताया। उन्होंने कहा, “राजपाल यादव जैसे कलाकारों ने दशकों तक हमें हंसाया और मुश्किल वक्त में मुस्कुराने की वजह दी। आज जब वे खुद कठिन समय से गुजर रहे हैं, तो समाज और उनके प्रशंसकों का यह फर्ज बनता है कि उन्हें अकेला न छोड़ें।”
राजपाल यादव के दर्शन से हैं प्रभावित
एएसपी ने बताया कि वह केवल उनकी कॉमेडी के ही नहीं, बल्कि उनके जीवन दर्शन के भी मुरीद हैं। उन्होंने राजपाल यादव के एक वाक्य का जिक्र करते हुए कहा, “उनकी यह बात मेरे दिल को छू गई थी कि ‘यदि आप अपने जीवन का एक सेकंड भी वापस ला सकते हैं, तो लाकर दिखाइए’। समय की महत्ता बताने वाली उनकी यह सोच मुझे गहराई तक प्रभावित करती है।”
क्षमता के अनुसार सहयोग की अपील
एएसपी अनुज चौधरी ने स्पष्ट किया कि हालांकि यह राशि बहुत बड़ी नहीं है, लेकिन वे अपनी क्षमता के अनुसार एक इंसान होने के नाते यह सहयोग करना चाहते हैं। उनका यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने अन्य लोगों से भी कलाकारों के प्रति संवेदनशील होने की बात कही है।

Related Articles

Back to top button