कानपुर: Shoppers Stop से Zudio तक… क्या KDA के नियमों को दिखाया गया ठेंगा?

दिल्ली अग्निकांड के बाद कानपुर के जीटी रोड स्थित कुछ बड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को लेकर सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि Shoppers Stop, Reliance Digital, Zudio और Reliance Trends का निर्माण स्वीकृत नक्शे से अलग किया गया है। मामले में निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग तेज हो गई है।

4पीएम न्यूज नेटवर्कः[प्रांजुल मिश्रा] राजधानी दिल्ली के मालवीय नगर में हाल ही में हुए भीषण अग्निकांड के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश भर में व्यावसायिक भवनों, मॉल और कॉम्प्लेक्सों की सुरक्षा व्यवस्था तथा भवन मानकों की जांच के निर्देश दिए हैं। इसके बावजूद कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) के जोन-1ए क्षेत्र में स्थित कुछ बड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

बड़े- बड़े ब्रांड कर रहे सुरक्षा में अनदेखी?

विभागीय विश्वस्त सूत्रों कि मानें तो जोन-1ए में जीटी रोड पर स्थित Shoppers Stop, Reliance Digital, zudio और Relience Trends का निर्माण स्वीकृत नक्शे और निर्धारित भवन मानकों के विपरीत किया गया है। आरोप है कि जिस भूखंड पर जितना व्यावसायिक निर्माण स्वीकृत है, उससे कहीं अधिक क्षेत्र में निर्माण किया गया है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि वास्तव में निर्माण स्वीकृत मानचित्र के अनुरूप नहीं है तो अब तक कानपुर विकास प्राधिकरण द्वारा प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं की गई? क्या संबंधित भवनों के नक्शे और वास्तविक निर्माण का कभी भौतिक सत्यापन किया गया..? यदि किया गया तो उसकी रिपोर्ट क्या कहती है?

 दिल्ली अग्निकांड देखकर भी KDA ख़ामोश!

लोगों का ये भी कहना है कि यदि किसी भवन में स्वीकृत क्षमता से अधिक निर्माण किया गया है तो यह न केवल विकास प्राधिकरण के नियमों का उल्लंघन है, बल्कि आग जैसी आपात स्थिति में गंभीर खतरा भी उत्पन्न कर सकता है। दिल्ली अग्निकांड जैसे हादसों ने यह साबित किया है कि भवन निर्माण मानकों की अनदेखी कभी भी बड़ी त्रासदी का कारण बन सकती है। आरोप यह भी लगाए जा रहे हैं कि केडीए के अधिकारी केवल नोटिस जारी कर अपनी जिम्मेदारी पूरी मान लेते हैं, जबकि अवैध अथवा मानक-विरुद्ध निर्माणों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो पाती। सवाल उठ रहा है कि क्या प्रभावशाली व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के मामले में नियमों को लेकर दोहरा रवैया अपनाया जा रहा है…?

जोन-1ए के प्रवर्तन प्रभारी अधिकारी अतुल के समक्ष भी अब यह बड़ी चुनौती है कि वे इन आरोपों की निष्पक्ष जांच कराते हुए यह स्पष्ट करें कि Shoppers Stop, Reliance Digital, zudio और Relience Trends का निर्माण स्वीकृत मानचित्र के अनुरूप है या नहीं। यदि कहीं अनियमितता पाई जाती है तो क्या विकास प्राधिकरण ध्वस्तीकरण अथवा अन्य वैधानिक कार्रवाई करने का साहस दिखाएगा? 

शहर में चर्चा का विषय बने कि क्या केडीए के जिम्मेदार अधिकारी बड़े व्यावसायिक निर्माणों के विरुद्ध कार्रवाई की हिम्मत कर पायेगा..? यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि मुख्यमंत्री के सख्त निर्देशों के बाद भी प्राधिकरण केवल नोटिस जारी करने तक सीमित रहता है या फिर भवन मानकों के उल्लंघन के आरोपों की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक कार्रवाई करता है। जबकि विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अंकुर कौशिक और सचिव अभय पाण्डेय की तरफ से मानक विहीन निर्माण जो मानको की अनदेखी और नक़्शे के विपरीत हुए हैं जिनकी वजह से भविष्य में समस्या उत्पन्न हो सकती है उन पर प्रभावी कार्रवाई की जाए।

रिपोर्ट – प्रांजुल मिश्रा

यह भी पढ़ें: कानपुर: जिस वाहन की रखवाली कर रही थी पुलिस, वही थाने से गायब हो गया

Related Articles

Back to top button