अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को ग्लेन मैक्सवेल ने कहा अलविदा

- 2012 में अफगान के खिलाफ वनडे से किया था डेब्यू, ऑस्ट्रेलिया को तीन बार बनाया चैंपियन
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया के विस्फोटक ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का एलान कर दिया है। इसके साथ ही एक दशक से ज्यादा लंबे उनके अंतरराष्ट्रीय करियर का अंत हो गया। 38 वर्षीय मैक्सवेल ने ऑस्ट्रेलिया के लिए तीनों फॉर्मेट में कुल 286 मुकाबले खेले। इस दौरान उन्होंने 7226 रन बनाने के साथ 136 विकेट भी हासिल किए। द बिग शो के नाम से मशहूर मैक्सवेल ऑस्ट्रेलिया की 2015 और 2023 वनडे विश्व कप विजेता टीम के अहम सदस्य रहे। इसके अलावा वह 2021 में टी20 विश्व कप जीतने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम का भी हिस्सा थे।
मैक्सवेल ने द फाइनल वर्ड पॉडकास्ट पर अपने संन्यास को लेकर कहा, यह फैसला थोड़ा दुखद है, लेकिन कहीं न कहीं इसकी उम्मीद भी थी। मैं अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के साथ-साथ विक्टोरिया के लिए 50 ओवर और चार दिवसीय घरेलू क्रिकेट से भी संन्यास का एलान कर रहा हूं। रेड बॉल क्रिकेट को पूरी तरह छोडऩे का फैसला शायद किसी को चौंकाने वाला नहीं होगा। मैक्सवेल ने साल 2012 में अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे मुकाबले से डेब्यू किया था। इसके बाद उन्होंने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी, शानदार पावर हिटिंग और अनोखे शॉट्स के दम पर दुनिया के सबसे खतरनाक व्हाइट-बॉल बल्लेबाजों में अपनी पहचान बनाई। मैक्सवेल अपनी बल्लेबाजी से किसी भी समय मैच का रुख बदलने की क्षमता रखते थे। गेंदबाजी में उपयोगी ऑफ स्पिन और मैदान पर बेहतरीन फील्डिंग ने उन्हें एक संपूर्ण ऑलराउंडर बनाया। मैक्सवेल टी20 में पांच शतक लगा चुके हैं। इस उपलब्धि के साथ वह भारत के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा के साथ संयुक्त रूप से इस प्रारुप में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज हैं। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने कई मौकों पर ऑस्ट्रेलिया को मुश्किल परिस्थितियों से बाहर निकाला। सीमित ओवरों के क्रिकेट में उनका योगदान ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए बेहद अहम रहा।
राइजिंग स्टार एशिया कप के लिए भारतीय टीम का ऐलान
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने कतर के दोहा में होने वाले राइजिंग स्टार एशिया कप के लिए 15 सदस्यीय इंडिया-ए टीम की घोषणा कर दी है। तिलक वर्मा को टीम की कप्तानी सौंपी गई है, जबकि रजत पाटीदार को उपकप्तान बनाया गया है। चयनकर्ताओं ने इस बार युवा प्रतिभाओं और सीनियर टीम के दरवाजे पर दस्तक दे रहे खिलाडिय़ों का एक बेहतरीन संतुलन तैयार किया है। राइजिंग स्टार एशिया कप के लिए चुनी गई इस टीम में टी-20 स्पेशलिस्ट रिंकू सिंह, अभिषेक शर्मा और तेज गेंदबाज हर्षित राणा जैसे बड़े नामों को शामिल किया गया है। वहीं, युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी भी अपनी जगह बनाने में कामयाब रहे हैं। टीम में विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी के लिए प्रभसिमरन सिंह और कुमार कुशाग्र के रूप में दो मुख्य विकेटकीपरों को चुना गया है। कप्तान तिलक वर्मा और वैभव सूर्यवंशी की जोड़ी पहले भी कमाल कर चुकी है। हाल ही में श्रीलंका में खेली गई 2026 की वनडे ट्राई-नेशन सीरीज में वैभव ने तिलक की कप्तानी में 5 मैचों में 200.95 के तूफानी स्ट्राइक रेट से 211 रन बनाए थे।



