सैनिक स्कूल में एडमिशन का सुनहरा मौका, कक्षा 6 और 9 के आवेदन शुरू
सैनिक स्कूल में पढ़ाई करने का सपना देख रहे विद्यार्थियों के लिए अच्छी खबर है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: सैनिक स्कूल में पढ़ाई करने का सपना देख रहे विद्यार्थियों के लिए अच्छी खबर है।
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने ऑल इंडिया सैनिक स्कूल एंट्रेंस एग्जाम (AISSEE) 2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। जो विद्यार्थी सैनिक स्कूलों में कक्षा 6वीं और 9वीं में एडमिशन लेना चाहते हैं, वे निर्धारित तारीख तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने की अंतिम तारीख 2 दिसंबर 2026 रखी गई है।
इस प्रवेश परीक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों को देश के मौजूदा सैनिक स्कूलों के साथ-साथ रक्षा मंत्रालय से स्वीकृत नए सैनिक स्कूलों में भी दाखिला लेने का अवसर मिलेगा। ऐसे में इच्छुक विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को आवेदन करने से पहले पात्रता, आयु सीमा, शैक्षणिक योग्यता, आवेदन शुल्क और परीक्षा पैटर्न की जानकारी जरूर देख लेनी चाहिए।
इच्छुक उम्मीदवार NTA की आधिकारिक वेबसाइट exams.nta.nic.in/sainik-school-society पर जाकर फॉर्म भर सकते हैं. 500 रुपये लेट फीस के साथ 3 से 6 दिसंबर तक आवेदन किया जा सकता है. आवेदन में करेक्शन का मौका 7 से 9 दिसंबर तक मिलेगा.
कक्षा 6 और 9 के लिए एज लिमिट
कक्षा 6 में एडमिशन के लिए स्टूडेंट की आयु 31 मार्च 2027 को 10 से 12 वर्ष के बीच होनी चाहिए. इसके लिए जन्मतिथि 1 अप्रैल 2015 से 31 मार्च 2017 के बीच होनी जरूरी है. वहीं, कक्षा 9 में एडमिशन के लिए एज लिमिट 13 से 15 वर्ष निर्धारित है. कैंडिडेट का जन्म 1 अप्रैल 2012 से 31 मार्च 2014 के बीच होना चाहिए. इसके अलावा, एडमिशन के समय किसी मान्यता प्राप्त स्कूल से कक्षा 8 पास होना अनिवार्य है.
कितना देनी होगी आवेदन फीस?
सामान्य, OBC-NCL, डिफेंस और एक्स-सर्विसमैन कैटेगरी के उम्मीदवारों को 850 रुपये आवेदन फीस देनी होगी. वहीं, SC और ST वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए फीस 700 रुपये निर्धारित की गई है.
ऐसा होगा प्रवेश परीक्षा का पैटर्न
कक्षा 6 की प्रवेश परीक्षा 150 मिनट की होगी. इसमें कुल 125 प्रश्न पूछे जाएंगे और पेपर 300 नंबरों का होगा. भाषा, इंटेलिजेंस और जनरल नॉलेज से 25-25 प्रश्न, जबकि मैथ्स से 50 प्रश्न होंगे. परीक्षा हिंदी और अंग्रेजी सहित 13 माध्यमों में आयोजित की जाएगी.
कक्षा 9 की परीक्षा 180 मिनट की होगी. इसमें 150 प्रश्न पूछे जाएंगे और कुल नंबर 400 होंगे. मैथ्स से 50 प्रश्न और 200 नंबर निर्धारित हैं. अंग्रेजी, इंटेलिजेंस, जनरल साइंस और सोशल साइंस से भी प्रश्न पूछे जाएंगे. यह परीक्षा केवल अंग्रेजी माध्यम में होगी. दोनों परीक्षाओं में गलत आंसर देने पर नेगेटिव मार्किंग नहीं होगी.
मैथ्स की तैयारी पर दें विशेष ध्यान
कक्षा 6 में मैथ्स के 150 और कक्षा 9 में 200 नंबर निर्धारित हैं. इसलिए स्टूडेंट्स को मैथ्स के सवालों की रेगुलर प्रैक्टिस करनी चाहिए. परीक्षा में प्रत्येक सेक्शन में कम से कम 25 प्रतिशत और कुल मिलाकर 40 प्रतिशत नंबर प्राप्त करना जरूरी है. SC और ST उम्मीदवारों को इस न्यूनतम अंक की शर्त से छूट दी गई है.
नए सैनिक स्कूलों में भी मिलेगा प्रवेश
रक्षा मंत्रालय से स्वीकृत नए सैनिक स्कूलों में कक्षा 6 और 9 के लिए अलग-अलग प्रवेश व्यवस्था होगी. इसमें 40 प्रतिशत और 60 प्रतिशत वाले दो रूट निर्धारित हैं. 60 प्रतिशत वाले रूट में संबंधित स्वीकृत नए सैनिक स्कूल में पहले से पढ़ रहे स्टूडेंट्स के लिए विशेष शर्तें लागू होंगी. लड़कियां भी निर्धारित पात्रता और सीटों की उपलब्धता के अनुसार आवेदन कर सकती हैं.
AISSEE 2027 की जरूरी तारीखें
आवेदन शुरू: 3 नवंबर 2026
आवेदन की अंतिम तिथि: 2 दिसंबर 2026
लेट फीस के साथ आवेदन: 3 से 6 दिसंबर 2026
आवेदन में सुधार: 7 से 9 दिसंबर 2026
परीक्षा शहर की सूचना: 11 जनवरी 2027
एडमिट कार्ड: 25 जनवरी 2027 से
प्रवेश परीक्षा: 31 जनवरी 2027
परीक्षा ऑफलाइन मोड में OMR आंसर शीट पर पेन और पेपर के जरिए होगी. कक्षा 6 की परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 4:30 बजे तक और कक्षा 9 की परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगी. उम्मीदवारों को सलाह है कि आवेदन करने से पहले आधिकारिक नोटिफिकेशन में सभी पात्रता शर्तों और निर्देशों को ध्यान से पढ़ लें.



