बरामदे में सो रहा था BSc छात्र, भोर में चाकू से हमला; 19 साल के शुभम की मौत
गोरखपुर के बांसगांव में बरामदे में सो रहे BSc प्रथम वर्ष के छात्र शुभम मिश्रा की चाकू से वार कर हत्या कर दी गई। पुलिस अज्ञात हमलावर और हत्या के कारण की जांच कर रही है।

गोरखपुर के बांसगांव क्षेत्र में गुरुवार भोर एक सनसनीखेज वारदात से गांव में हड़कंप मच गया। जयंतीपुर गांव में घर के बाहर बरामदे में सो रहे BSc प्रथम वर्ष के 19 वर्षीय छात्र शुभम मिश्रा पर अज्ञात हमलावर ने चाकू से हमला कर दिया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वारदात के वक्त परिवार के लोग पिता के इलाज के लिए लखनऊ गए हुए थे।
खाना खाने के बाद बरामदे में सोया था शुभम
जयंतीपुर निवासी शुभम मिश्रा दो भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था। ग्रामीणों के मुताबिक, बुधवार रात खाना खाने के बाद वह घर के बाहर बरामदे में सो गया था। गुरुवार तड़के करीब पांच बजे किसी अज्ञात हमलावर ने सोते समय उसके सिर पर चाकू से वार कर दिया।
हमले में गंभीर रूप से घायल शुभम को एंबुलेंस से पीएचसी ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पिता के इलाज के लिए लखनऊ गया था परिवार
बताया गया कि शुभम के पिता स्वदेश मिश्रा की किडनी खराब है और उनके इलाज व किडनी ट्रांसप्लांट के सिलसिले में परिवार के लोग लखनऊ गए हुए थे। ऐसे में घर पर शुभम अकेला था। घटना की जानकारी उसकी मां सुधा मिश्रा को फोन पर दी गई। सूचना मिलते ही परिजन गोरखपुर के लिए रवाना हो गए।
पुलिस ने शुरू की जांच, हमलावर की तलाश
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू की। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और हत्या के कारण तथा वारदात में शामिल व्यक्ति की पहचान की जांच की जा रही है। अज्ञात हमलावर की तलाश के लिए पुलिस टीम लगाई गई है।
रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर
यह भी पढ़ें: सांड को बचाने की कोशिश बनी काल, डिवाइडर से टकराकर पलटी कार; दो दोस्तों की मौत



