गोरखपुर: CCTV ने खोला राज! ऑटो में छूटे कीमती सामान से भरे बैग 12 घंटे में बरामद
गोरखपुर में ऑटो में छूटे जेवरात और कीमती सामान से भरे दो बैग कैंट पुलिस ने CCTV की मदद से 12 घंटे में बरामद कर लिए। सामान सत्यापन के बाद पीड़ित को वापस सौंप दिया गया।

4पीएम न्यूज नेटवर्कः गोरखपुर में सफर के दौरान ऑटो में छूटे दो बैग ने एक व्यक्ति की चिंता बढ़ा दी। बैग में कीमती सामान और आभूषण थे। शिकायत मिलते ही कैंट पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली और ऑटो की पहचान कर महज 12 घंटे में दोनों बैग बरामद कर लिए। सामान वापस मिलने पर पीड़ित के चेहरे पर राहत साफ नजर आई।
बस स्टैंड पहुंचकर याद आया बैग
जानकारी के मुताबिक, 21 अगस्त की शाम करीब चार बजे व्यक्ति कुसम्ही बाजार से ऑटो में बैठकर गोरखपुर रोडवेज रेलवे बस स्टैंड पहुंचा। ऑटो से उतरने के बाद वह अपने दोनों बैग वाहन में ही भूल गया।
काफी देर तक बैग की तलाश करने के बाद रात करीब सात बजे उसने रेलवे चौकी, थाना कैंट पुलिस को मामले की सूचना दी। बैग में आभूषण और अन्य कीमती सामान होने के कारण पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया।
CCTV से ऑटो की हुई पहचान
शिकायत मिलते ही पुलिस टीम ने बस स्टैंड और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। फुटेज के जरिए उस ऑटो की पहचान की गई, जिसमें बैग छूटे थे।
इसके बाद पुलिस ने ऑटो चालक से फोन पर संपर्क किया। पुलिस के प्रयासों से बैग और उसमें रखा कीमती सामान व आभूषण बरामद कर लिए गए।
12 घंटे में पीड़ित को वापस मिला सामान
22 अगस्त को पीड़ित को रेलवे चौकी बुलाया गया। पुलिस ने सामान का सत्यापन कराने के बाद दोनों बैग आभूषण और अन्य सामान समेत उसे सुपुर्द कर दिए।
अचानक खोए कीमती सामान के वापस मिलने पर पीड़ित ने कैंट पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की। मामले में सीसीटीवी निगरानी और पुलिस की तत्परता ने सामान बरामद कराने में अहम भूमिका निभाई।
रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर
यह भी पढ़ें: डग्गामार वाहनों पर रोडवेज कर्मचारियों का फूटा गुस्सा, अब खुद सड़क पर उतरेंगे



