गोरखपुर में जुटे देशभर के कंपनी सचिव, AI और नए कॉर्पोरेट कानूनों पर हुआ बड़ा मंथन
गोरखपुर में ICSI के कॉर्पोरेट एक्सीलेंस समिट-2026 में AI, कॉर्पोरेट गवर्नेंस और कानूनों में बदलाव पर विशेषज्ञों ने मंथन किया। युवाओं को नई तकनीक से अपडेट रहने पर जोर दिया।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: गोरखपुर में कॉर्पोरेट जगत की बदलती तस्वीर और तकनीक के बढ़ते असर पर देशभर के विशेषज्ञों ने मंथन किया। भारतीय कंपनी सचिव संस्थान (ICSI) के गोरखपुर चैप्टर की ओर से आयोजित गोरखपुर कॉर्पोरेट एक्सीलेंस समिट-2026 में कॉर्पोरेट गवर्नेंस, प्रोफेशनल एक्सीलेंस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और बदलते कॉर्पोरेट कानूनों पर चर्चा हुई। विशेषज्ञों ने कहा कि तेजी से बदलते कारोबारी माहौल में प्रोफेशनल्स का लगातार अपडेट रहना जरूरी है।
देशभर से जुटे कंपनी सचिव और विशेषज्ञ
एक दिवसीय समिट में दिल्ली, गुरुग्राम, जयपुर, नोएडा, पुणे और महाराष्ट्र समेत विभिन्न हिस्सों से कंपनी सचिव और विशेषज्ञ पहुंचे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. महेश श्रीवास्तव, गेस्ट ऑफ ऑनर ICSI के राष्ट्रीय अध्यक्ष CS पवन चांडकु, पूर्व अध्यक्ष CS धनंजय शुक्ला और सेंट्रल काउंसिल सदस्य CS मनोज कुमार पुरबे मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत ICSI के सिद्धांत ‘सत्यं वद, धर्मं चर’ के साथ हुई। विशेषज्ञों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कॉर्पोरेट क्षेत्र में पेशेवर दक्षता और बेहतर गवर्नेंस की जरूरत पर जोर दिया।
AI और कानून में बदलाव पर खास जोर
ICSI के राष्ट्रीय अध्यक्ष CS पवन चांडकु ने बताया कि सेमिनार का उद्देश्य सदस्यों को AI और कॉर्पोरेट कानूनों में हो रहे बदलावों से परिचित कराना है, ताकि वे कंपनियों को बेहतर मार्गदर्शन और कंसल्टेंसी दे सकें।
उन्होंने ICSI के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क की जानकारी भी दी। संस्थान के देशभर में 77 चैप्टर, चार रीजनल काउंसिल और चार CCGRT केंद्र हैं। विदेशों में भी छह ओवरसीज सेंटर संचालित किए जा रहे हैं।
युवाओं के लिए बढ़ेंगे नए अवसर
गोरखपुर चैप्टर के सदस्यों के मुताबिक, ऐसे आयोजन युवा कंपनी सचिवों को कॉर्पोरेट जगत की बदलती जरूरतों को समझने का अवसर देते हैं। AI और नई तकनीक के दौर में लगातार नई जानकारी हासिल करना जरूरी है। आयोजकों का मानना है कि ऐसे कार्यक्रम गोरखपुर को कॉर्पोरेट गतिविधियों के उभरते केंद्र के रूप में मजबूत करने में भी मददगार हो सकते हैं।
रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर
यह भी पढ़ें: फाइनल में दिखा गजब का दमखम! आदित्या-रिद्धिमा की जोड़ी बनी अंडर-19 चैंपियन



