फाइनल में दिखा गजब का दमखम! आदित्या-रिद्धिमा की जोड़ी बनी अंडर-19 चैंपियन
गोरखपुर की आदित्या यादव और मुरादाबाद की रिद्धिमा सिंह ने अंडर-19 राज्यस्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता के महिला युगल फाइनल में शानदार जीत दर्ज कर ट्रॉफी अपने नाम की।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: गोरखपुर में चल रही स्वर्ग प्रकाश नारायण श्रीवास्तव द्वितीय अंडर-19 राज्यस्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों ने पूरा दमखम दिखाया। रविवार को धरमपुर स्थित लेविन्स एकेडमी में खेले गए निर्णायक मुकाबलों में गोरखपुर की आदित्या यादव और मुरादाबाद की रिद्धिमा सिंह की जोड़ी ने महिला युगल वर्ग में शानदार जीत दर्ज कर ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
महिला युगल में आदित्या-रिद्धिमा की शानदार जीत
महिला युगल फाइनल में आदित्या यादव और रिद्धिमा सिंह का सामना हापुड़ की ऋद्धि भारद्वाज और नोएडा की स्तुति चौहान से हुआ। दोनों जोड़ियों के बीच मुकाबला रोमांचक रहा, लेकिन आदित्या-रिद्धिमा ने 18-16, 15-9 से जीत दर्ज कर खिताब पर कब्जा जमा लिया।
मिश्रित युगल में भी रिद्धिमा सिंह ने गोरखपुर के अभिषेक कुशवाहा के साथ मिलकर शानदार प्रदर्शन किया। दोनों ने गाजियाबाद के जय सिंह और आगरा की दिव्यांशी गौतम को 17-15, 13-15, 15-13 से हराया।
पुरुष युगल और एकल में भी कड़ा मुकाबला
पुरुष युगल फाइनल में नोएडा के सार्थक सोम और आगरा के शुभम सोलंकी ने गोरखपुर के अभिषेक कुशवाहा और लखनऊ के शिवम यादव को 12-15, 15-13, 19-17 से शिकस्त दी। पुरुष एकल में सार्थक सोम ने नोएडा के ही अर्णव यादव को 15-7, 8-15, 15-9 से हराया।
महिला एकल में नोएडा की अग्रिमा सिंह ने आगरा की दिव्यांशी गौतम को 15-13, 10-15, 15-13 से पराजित किया।
विजेता खिलाड़ियों को मिला सम्मान
पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि पूर्व कुलपति आचार्य डॉ. सुरेंद्र दुबे ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि विजेता खिलाड़ी ने धैर्य, अनुशासन, दमखम और सहनशक्ति का परिचय दिया, लेकिन उपविजेता भी किसी से कम नहीं हैं।
विशिष्ट अतिथि जफर अहमद खान ने भारतीय बैडमिंटन के उज्ज्वल भविष्य की उम्मीद जताई। आयोजन समिति की ओर से विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को कुल एक लाख रुपये की नकद राशि प्रदान की गई।
रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर
यह भी पढ़ें: शोरूम में ज्वेलरी पहनकर बना रही थी VIDEO, तभी मचा बवाल; सोशल मीडिया पर वायरल हुआ मामला



