गोरखपुर: परिवार गहरी नींद में सोता रहा, चोर लाखों के जेवर समेटकर हो गए फरार
गोरखपुर के सिकरीगंज क्षेत्र में चोरों ने रात के समय घर में घुसकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। घटना के वक्त परिवार घर में सो रहा था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: जिले के सिकरीगंज थाना क्षेत्र में चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। हैरानी की बात यह रही कि वारदात के दौरान परिवार घर के अंदर सोता रहा और किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी। सुबह जब कमरों के टूटे ताले और बिखरा सामान देखा गया तो परिवार के होश उड़ गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
नाइट ड्यूटी पर थे गृहस्वामी, घर में अकेला था परिवार
घटना बढ़यापार टोला मन्नूपुरा की है। पीड़ित जितेंद्र यादव के अनुसार, वह गीडा स्थित एक कंपनी में नाइट ड्यूटी पर गए थे। इसी दौरान देर रात अज्ञात चोर मुख्य गेट का ताला तोड़कर शौचालय के रास्ते घर में दाखिल हुए। इसके बाद उन्होंने नीचे और ऊपर के चार कमरों के ताले तोड़ दिए और तीन आलमारियों व एक बक्से में रखे कीमती जेवरात समेटकर फरार हो गए।
सोने-चांदी के लाखों रुपये के जेवरात चोरी
पीड़ित के मुताबिक, चोर चार सोने के हार, 32 अंगूठियां, सात मंगलसूत्र, चार चेन, दो नथ, चार कंगन, आठ जोड़ी झुमके, 16 जोड़ी चांदी की पायल, एक पावजेब, आठ चांदी की प्लेट और बिछुआ समेत लाखों रुपये मूल्य के आभूषण चोरी कर ले गए। घटना के समय घर में उनकी पत्नी और तीनों बच्चे मौजूद थे, लेकिन किसी को भी चोरी की आहट नहीं लगी।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही सिकरीगंज पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। थाना प्रभारी अंजुल चतुर्वेदी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस आसपास के साक्ष्यों और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है तथा जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।
रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर
यह भी पढ़ें: सरकारी रास्ते के विवाद पर तहसील में हाई वोल्टेज ड्रामा, SDM को करना पड़ा हस्तक्षेप



