गोरखपुर में असलहा तस्करी के नेटवर्क का खुलासा, चार पिस्टल-रिवाल्वर के साथ 5 गिरफ्तार
गोरखपुर में एसटीएफ और एंटी थेफ्ट टीम ने अंतरराज्यीय असलहा तस्करी गिरोह का पर्दाफाश कर पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया। चार पिस्टल, रिवाल्वर और कारतूस बरामद हुए।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: गोरखपुर में अवैध हथियारों की सप्लाई के एक अंतरराज्यीय नेटवर्क का खुलासा हुआ है। एसटीएफ की फील्ड यूनिट गोरखपुर और एंटी थेफ्ट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, गिरोह मध्य प्रदेश और हरियाणा से अवैध पिस्टल खरीदकर पूर्वांचल के अलग-अलग जिलों में सप्लाई करता था। कार्रवाई में चार पिस्टल, एक रिवाल्वर और पांच कारतूस बरामद हुए हैं।
विंध्यवासिनी पार्क के पास घेराबंदी, पांचों गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार मुखबिर की सूचना पर 14 सितंबर की रात करीब 10:20 बजे पैडलेगंज से मोहद्दीपुर चौराहे की ओर जाने वाली सड़क पर विंध्यवासिनी पार्क के गेट के पास घेराबंदी की गई। इसी दौरान श्रेयांश यादव उर्फ बबलू, अजीत यादव, अभिषेक गौड़ उर्फ भेली, अभिषेक प्रजापति उर्फ अभी और राहुल गुप्ता को गिरफ्तार किया गया।
MP और हरियाणा से खरीदते थे अवैध हथियार
पूछताछ में पुलिस को आरोपितों ने बताया कि वे मध्य प्रदेश के बड़वानी और हरियाणा के सोनीपत से अवैध पिस्टल खरीदते थे। इसके बाद इन्हें पूर्वी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में सप्लाई किया जाता था। पुलिस अब नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और हथियारों की सप्लाई चेन की जानकारी जुटा रही है।
चार पिस्टल, रिवाल्वर और कारतूस बरामद
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपितों में कुछ के खिलाफ पहले से चोरी, मारपीट, धमकी, हत्या के प्रयास और आयुध अधिनियम समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। पांचों के खिलाफ कैंट थाने में मुकदमा अपराध संख्या 505/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपितों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
बरामदगी: चार .32 बोर पिस्टल, चार मैगजीन, एक .32 बोर रिवाल्वर और पांच जीवित कारतूस।
रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर
यह भी पढ़ें: गोरखपुर में वोटर लिस्ट पर सपा का बड़ा आरोप, ‘सत्यापन के नाम पर काटे जा रहे नाम’



