गोरखपुर में वोटर लिस्ट पर सपा का बड़ा आरोप, ‘सत्यापन के नाम पर काटे जा रहे नाम’

गोरखपुर में सपा ने SIR के बाद सत्यापन के नाम पर मतदाताओं के नाम काटे जाने का आरोप लगाया। पार्टी ने डीएम को ज्ञापन देकर विलोपन सूची में पारदर्शिता और जांच की मांग की।

गोरखपुर में मतदाता सूची को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी महानगर के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को जिलाधिकारी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। पार्टी ने आरोप लगाया कि SIR के बाद सत्यापन के नाम पर महानगर समेत जिले में समाजवादी विचारधारा से जुड़े और PDA समाज के मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं। सपा ने इस प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।

नाम विलोपन पर सपा ने उठाए सवाल

सपा प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि मतदाता सूची से किसी भी नाम को हटाने की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और नियमानुसार होनी चाहिए। पार्टी नेताओं का कहना था कि किसी पात्र मतदाता को उसके मताधिकार से वंचित नहीं किया जाना चाहिए।

उन्होंने आरोपों की जांच कराने और यदि किसी स्तर पर अनियमितता मिले तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी रखी।

विलोपन सूची सार्वजनिक करने की मांग

प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि मतदाता सूची से नाम हटाने वाली सूची को अंतिम रूप से भेजने से पहले सभी विधानसभा क्षेत्रों के एआरओ द्वारा उसे तहसील स्तर पर चस्पा किया जाए।

सपा ने यह भी कहा कि विलोपन सूची की एक प्रति सभी राजनीतिक दलों को बूथवार उपलब्ध कराई जाए, जिससे राजनीतिक दल और संबंधित पक्ष सूची का सत्यापन कर सकें।

बोली सपा- मतदाता सूची लोकतंत्र की बुनियाद

पार्टी नेताओं ने कहा कि मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। ऐसे में नाम हटाने की प्रक्रिया निष्पक्ष और नियमों के मुताबिक होनी चाहिए। किसी भी शिकायत या अनियमितता पर तत्काल जांच जरूरी है।

ज्ञापन देने वालों में महानगर महासचिव बृजनाथ मौर्य, हीरालाल यादव, नगीना प्रसाद साहनी, जियाउल इस्लाम, शहाब अंसारी समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

यह भी पढ़ें: सीतापुर में नाली के पानी को लेकर बवाल, दो पक्षों में मारपीट; पांच घायल, दोनों ओर से मुकदमा

Related Articles

Back to top button