गोरखपुर जंक्शन पर देर रात मची अफरा-तफरी, मालगाड़ी की 3 बोगियां पटरी से उतरीं
गोरखपुर जंक्शन के पश्चिमी यार्ड में सीमेंट लदी मालगाड़ी की तीन बोगियां पटरी से उतर गईं। रेलवे टीम ने सुबह तक बोगियां हटाकर मालगाड़ी को सुरक्षित रवाना कर दिया।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: गोरखपुर जंक्शन के पश्चिमी यार्ड में सोमवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सीमेंट से लदी मालगाड़ी की तीन बोगियां अचानक पटरी से उतर गईं। घटना रात करीब एक बजे लाइन नंबर आठ के पास हुई। सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी और तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कर दिया। गनीमत रही कि हादसे में किसी तरह की जनहानि की सूचना नहीं है।
मध्य प्रदेश से बिहार जा रही थी मालगाड़ी
जानकारी के मुताबिक, मालगाड़ी मध्य प्रदेश से बिहार के नारायणपुर अनंत रेलवे स्टेशन जा रही थी। इसमें सीमेंट की बोरियां लदी थीं। गोरखपुर जंक्शन के पश्चिमी यार्ड में प्रवेश के दौरान अचानक इसकी तीन बोगियां पटरी से नीचे उतर गईं।
घटना के बाद रेलवे कर्मचारियों ने सबसे पहले प्रभावित बोगियों को मालगाड़ी से अलग किया, ताकि बाकी ट्रेन को सुरक्षित तरीके से आगे रवाना किया जा सके।
सुबह 8:10 बजे बोगियां हटाई गईं
रेलवे की तकनीकी टीम ने कई घंटे की मशक्कत के बाद मंगलवार सुबह करीब 8:10 बजे तीनों बोगियों को पटरी से हटाया। इसके बाद मालगाड़ी को रीरेल कर आगे के लिए रवाना कर दिया गया। मौके पर रेलवे की ओर से आवश्यक तकनीकी कार्रवाई भी की गई।
घटना की जानकारी मिलने के बाद डीआरएम ने भी पश्चिमी यार्ड पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों से राहत कार्य व जांच की जानकारी ली।
हादसे की वजह तलाश रहा रेलवे
तीन बोगियां किन परिस्थितियों में पटरी से उतरीं, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं है। रेलवे प्रशासन ने मामले की तकनीकी जांच शुरू कर दी है। जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है।
रेलवे के अनुसार, घटना के बाद स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया और मालगाड़ी को सुरक्षित रूप से रवाना कर दिया गया। हादसे में किसी यात्री या रेलवे कर्मचारी के घायल होने की सूचना नहीं है।
रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर
यह भी पढ़ें: गोरखपुर: 10 अंगूठियां दिखाईं, दो हाथ में पहनीं और निकल गई महिला; कैमरे में कैद हुआ खेल



