गोरखपुर में रिश्तों का खून! खेत की जुताई कराने पहुंचे युवक की गोली मारकर हत्या

Gorakhpur News: हरपुर-बुदहट के करनपुरा गांव में खेत की जुताई कराने पहुंचे शिवम पांडेय की गोली मारकर हत्या का मामला सामने आया है। चचेरे भाई पर आरोप है, पुलिस जांच में जुटी है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: गोरखपुर में खेती-किसानी के सिलसिले में गांव पहुंचे एक युवक की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई और परिवार में मातम छा गया। मामला हरपुर-बुदहट थाना क्षेत्र के करनपुरा गांव का है, जहां पारिवारिक विवाद के दौरान युवक को गोली मारे जाने का आरोप उसके चचेरे भाई पर लगा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

खेत की जुताई कराने पहुंचे शिवम, विवाद के बाद चली गोली

करनपुरा गांव निवासी शिवम पांडेय, स्वर्गीय सुदामा उर्फ गामा के बेटे थे। जानकारी के मुताबिक, गुरुवार सुबह करीब 11:30 बजे वह अपने पाही गांव मेथौली से करनपुरा पहुंचे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनका चचेरे भाई राधेश्याम पांडेय, पुत्र राम पलट पांडेय, से विवाद हो गया।

आरोप है कि विवाद बढ़ने पर राधेश्याम ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से शिवम को गोली मार दी। गोली लगने से शिवम की मौके पर ही मौत हो गई। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से गांव में अफरा-तफरी मच गई।

अविवाहित थे शिवम, खेती-किसानी से चलता था घर

परिजनों के अनुसार, शिवम अविवाहित थे और घर पर रहकर खेती-किसानी करते थे। वह तीन भाइयों में एक थे। उनके दो भाई निजी कंपनियों में नौकरी करते हैं और बाहर रहते हैं। शिवम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

बताया गया कि मृतक के पिता पांच भाई थे। ऐसे में परिवार के भीतर हुए इस विवाद और हत्या की घटना से रिश्तेदारों के साथ गांव के लोग भी स्तब्ध हैं।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जांच जारी

घटना की सूचना मिलने पर हरपुर-बुदहट पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल विवाद की असली वजह का पता लगाया जा रहा है। आरोपी के खिलाफ कार्रवाई को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार है।

रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

यह भी पढ़ें: BJP में जाने की चर्चा पर विराम! पूर्व IAS दिव्या मित्तल ने बना ली अपनी पार्टी

Related Articles

Back to top button