कुछ सेकेंड और…! नौसढ़ में चलती अर्टिगा पर गिरा यूनिपोल, बाल-बाल बचे लोग

गोरखपुर के नौसढ़ चौराहे पर तेज हवा में यूनिपोल मिट्टी समेत उखड़कर सड़क पर गिर गया। इसकी चपेट में अर्टिगा कार आ गई। हादसे में कार क्षतिग्रस्त हुई, लोग सुरक्षित रहे।

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क: तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश और तेज हवाओं के बीच शनिवार दोपहर नौसढ़ चौराहे पर बड़ा हादसा होते-होते बच गया। करीब दो से ढाई बजे के बीच सड़क किनारे लगा भारी यूनिपोल होर्डिंग तेज हवा के बीच मिट्टी समेत उखड़कर सड़क पर जा गिरा। इसी दौरान वहां से गुजर रही अर्टिगा कार उसकी चपेट में आ गई। कार क्षतिग्रस्त हुई, लेकिन उसमें सवार लोग सुरक्षित बच गए।

पहले जताई गई थी होर्डिंग गिरने की आशंका

स्थानीय निवासी नौसाद के मुताबिक, यूनिपोल गिरने से कुछ देर पहले ही उन्होंने आसपास के दुकानदारों के माध्यम से डायल 112 पर सूचना दी थी। तेज हवा के कारण होर्डिंग के गिरने की आशंका जताई गई थी। इसके कुछ देर बाद ही यूनिपोल जमीन से उखड़कर सड़क के बीच जा गिरा।

होर्डिंग गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल कार में सवार लोगों को बाहर निकाला। गनीमत रही कि हादसे में किसी की जान नहीं गई।

बारिश में बड़े होर्डिंग बने सुरक्षा का सवाल

लगातार बारिश के बीच बड़े यूनिपोल और प्रचार होर्डिंग की सुरक्षा को लेकर स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि बारिश से मिट्टी कमजोर होने की स्थिति में भारी ढांचे के लिए अतिरिक्त जोखिम पैदा हो सकता है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से शहर में लगे बड़े यूनिपोल और होर्डिंग की नींव, संरचना और सुरक्षा मानकों की जांच कराने की मांग की है, ताकि खराब मौसम में ऐसे हादसों की आशंका कम की जा सके।

खराब मौसम से जनजीवन भी प्रभावित

गोरखपुर में लगातार बारिश और तेज हवाओं का असर जनजीवन पर भी पड़ा है। खराब मौसम को देखते हुए जिलाधिकारी दीपक मीणा ने कक्षा एक से 12 तक के विद्यालयों में अवकाश घोषित किया है। ऐसे में शहर में लगे बड़े होर्डिंग और अन्य अस्थायी ढांचों की सुरक्षा भी चर्चा में आ गई है।

रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

यह भी पढ़ें: किताबी पढ़ाई से आगे बढ़कर सेवा की मिसाल, BIT गीडा में 128 लोगों ने किया रक्तदान

Related Articles

Back to top button