गोरखपुर में आधी रात मुठभेड़, चोरी का आरोपी पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार
गोरखपुर के जंगल धूषण में पुलिस मुठभेड़ के बाद चोरी के आरोपित मुमताज अहमद को गिरफ्तार किया गया। पैर में गोली लगी। पुलिस ने हथियार, नकदी और चोरी का सामान बरामद किया है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: गोरखपुर में मंगलवार देर रात चेकिंग के दौरान पुलिस और एंटी थेफ्ट सेल की संयुक्त टीम की चोरी के आरोपित से मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, रोकने पर भाग रहे आरोपित ने आत्मसमर्पण की चेतावनी के बाद टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लगी। घायल हालत में उसे गिरफ्तार कर अस्पताल भेजा गया, जबकि उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
चेकिंग के दौरान भागे दो संदिग्ध
पुलिस के अनुसार रात करीब 2:20 बजे पिपराइच पुलिस जंगल धूषण के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एंटी थेफ्ट सेल की टीम भी वहां पहुंची। पादरी बाजार की ओर से दोपहिया वाहन पर दो संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो दोनों ने वाहन मोड़कर भागने की कोशिश की।
भागते समय स्कूटी सवार गिर गया। पुलिस का दावा है कि आत्मसमर्पण के लिए कहने पर उसने फायरिंग कर दी, जिसमें कांस्टेबल हनुमान यादव घायल हो गए। इसके बाद हुई जवाबी कार्रवाई में आरोपित के पैर में गोली लगी और उसे पकड़ लिया गया।
चोरी के सामान और हथियार बरामद
गिरफ्तार आरोपित की पहचान निजामपुर चौराहा निवासी मुमताज अहमद उर्फ राजू के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी के दो सफेद धातु के सिक्के, 2,200 रुपये नकद, दो दोपहिया वाहन, देशी तमंचा, खोखा और जिंदा कारतूस बरामद करने का दावा किया है।
घायल आरोपित को पहले सीएचसी पिपराइच ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल गोरखपुर रेफर किया गया। फरार साथी की तलाश में पुलिस टीम जंगल और आसपास के क्षेत्रों में दबिश दे रही है।
तीन चोरी के मामलों में था वांछित
पुलिस के मुताबिक मुमताज पिपराइच थाने में दर्ज चोरी के तीन मामलों में वांछित था। बरामद सामान के आधार पर संबंधित मुकदमों में बीएनएस की धारा 317(2) की बढ़ोतरी की गई है। हथियार और कारतूस बरामदगी के संबंध में अलग मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपित के खिलाफ वर्ष 2015 से 2026 के बीच गोरखपुर के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, मादक पदार्थ और आर्म्स एक्ट समेत कुल 14 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब फरार साथी और मुठभेड़ से जुड़े तथ्यों की भी जांच कर रही है।
रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर
यह भी पढ़ें: ससुराल आया था युवक, सुबह पेड़ से लटका मिला शव; रातभर तलाशते रहे परिजन



