राखी बंधवाकर लौट रहा था पति, रास्ते में हो गया ऐसा हादसा; दो परिवारों में मातम

गोरखपुर के सिकरीगंज में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में दो युवकों की मौत हो गई। मृतकों में पीआरडी जवान भी शामिल है, जबकि हादसे में एक व्यक्ति घायल हुआ है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: रक्षाबंधन का दिन दो परिवारों के लिए ऐसी खबर लेकर आया, जिसकी उन्होंने कल्पना भी नहीं की थी। गोरखपुर के सिकरीगंज क्षेत्र में शुक्रवार को दो बाइकों की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। हादसे में जान गंवाने वालों में एक पीआरडी जवान भी शामिल है, जो ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहा था।

हरदत्तपुर के पास आमने-सामने भिड़ीं बाइक

हादसा सिकरीगंज थाना क्षेत्र के कुई बाजार स्थित हरदत्तपुर के पास हुआ। मृतकों की पहचान गोलाबाजार क्षेत्र के रामलोचन (35) और बेलघाट क्षेत्र के बमनौली गांव निवासी बबलू (30) के रूप में हुई है।

बताया गया कि रामलोचन सिकरीगंज थाने में प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) जवान के तौर पर तैनात थे। शुक्रवार को ड्यूटी पूरी करने के बाद वह बाइक से घर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही बाइक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई।

पत्नी को राखी बंधवाकर लौट रहा था बबलू

दूसरी बाइक पर बबलू सवार थे। बताया जा रहा है कि वह अपनी पत्नी को उरुवा थाना क्षेत्र के चचाईराम गांव स्थित मायके में राखी बंधवाने के बाद वापस घर लौट रहे थे।

टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

अस्पताल पहुंचते ही दोनों को मृत घोषित किया

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। चिकित्सकों ने रामलोचन और बबलू को मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल तीसरे व्यक्ति का इलाज चल रहा है।

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की जानकारी मिलते ही दोनों परिवारों में मातम छा गया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

यह भी पढ़ें: तीन महीने में ही टूट गया नाला, पहली बारिश ने खोल दी रामजानकी मार्ग के निर्माण की पोल!

Related Articles

Back to top button