मप्र के किसानों के साथ न्याय नहीं कर पा रही सरकार : जीतू पटवारी

  • किसान-मजदूर महाचौपाल में कांग्रेस अध्यक्ष को भाजपा पर हमला

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नरसिंहपुर। गाडरवारा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सूखाखैरी में मंगलवार को किसान-मजदूर महाचौपाल एवं कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने किसानों की समस्याओं को लेकर केंद्र और प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला और कई स्थानीय मुद्दों को उठाया। पटवारी ने कहा कि देश और प्रदेश के किसान आज भी अपनी उपज का उचित मूल्य पाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार और मध्यप्रदेश में मोहन यादव के नेतृत्व वाली सरकार किसानों के साथ न्याय नहीं कर पा रही है।
उन्होंने कहा कि गेहूं, धान, सोयाबीन, गन्ना सहित अन्य फसलों का किसानों को वाजिब दाम नहीं मिल रहा है, जिससे किसान आर्थिक संकट में फंसते जा रहे हैं। पत्रकारों से चर्चा के दौरान पटवारी ने गाडरवारा स्थित एनटीपीसी परियोजना पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि यहां से कई कंटेनरों का उपयोग अवैध गतिविधियों में किया जा रहा है। उनके अनुसार इन भारी वाहनों के कारण क्षेत्र में दुर्घटनाओं की संख्या भी बढ़ रही है और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पटवारी ने कहा कि एनटीपीसी जैसी बड़ी परियोजना होने के बावजूद नरसिंहपुर जिले को अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा है। स्थानीय युवाओं को रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं मिल रहे हैं, जबकि परियोजना का भार और यातायात का दबाव क्षेत्र के लोगों को झेलना पड़ रहा है।

Related Articles

Back to top button