दिल्ली को रोमांचक मुकाबले में जीटी ने एक रन से हराया

- प्रसिद्ध की शानदार गेंदबाजी और मिलर की एक गलती से हारा दिल्ली
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। प्रसिद्ध कृष्णा की अंतिम ओवर में की गई शानदार गेंदबाजी और डेविड मिलर की एक गलती से गुजरात टाइटंस ने आईपीएल 2026 के मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स को एक रन से हराया। गुजरात की आईपीएल में रनों से लिहाज से ये सबसे कम अंतराल से जीत है। गुजरात ने इसके साथ ही आईपीएल के मौजूदा सीजन में जीत का खाता खोला। वहीं, तीन मैचों में दिल्ली की यह पहली हार है।
दिल्ली ने लखनऊ सुपर जाएंट्स और मुंबई इंडियंस के खिलाफ अपने शुरुआती दो मैच छह-छह विकेट के अंतर से जीते थे। दिल्ली फिलहाल अंक तालिका में चौथे स्थान पर है। दूसरी ओर, गुजरात की टीम पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ अपने शुरुआती दो मैच गंवा चुकी थी, जिसके बाद आखिरकार गुजरात ने जीत का खाता खोला है। यह टीम अंक तालिका में छठे स्थान पर पहुंच गई है। अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मैच में गुजरात ने 20 ओवर में चार विकेट पर 210 रन बनाए। जवाब में दिल्ली की टीम 20 ओवर में आठ विकेट पर 209 रन ही बना सकी। आईपीएल के इस रोमांचक मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात टाइटंस के बीच आखिरी ओवर तक सांसें थाम देने वाली जंग देखने को मिली। मैच का फैसला सिर्फ एक रन से हुआ, लेकिन असली टर्निंग प्वाइंट बना 20वें ओवर की पांचवीं गेंद पर लिया गया एक फैसला। जब प्रसिद्ध कृष्णा की गेंद पर डेविड मिलर ने एक रन नहीं लिया। यह गुजरात की आईपीएल में रनों के लिहाज से सबसे करीबी जीत है। इससे पहले टीम ने 2024 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ छह रन से जीत दर्ज की थी जो उसकी सबसे कम अंतराल से जीत थी, लेकिन टीम ने अब इस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है।
केकेआर का लखनऊ से मुकाबला आज, कैमरन फिट
नई दिल्ली। केकेआर केकैमरन ग्रीन एलएसजी के खिलाफ आज होने वाले मैच से पहले गेंदबाजी करने के लिए तैयार दिख रहे हैं। कोलकाता और लखनऊ के बीच मुकाबला ईडेन गार्डेन्स में खेला जाएगा। इस मैच में ग्रीन के गेंदबाजी करने की संभावना है, जो टीम के लिए बड़ी राहत मानी जा रही है। ग्रीन ने आईपीएल 2026 के शुरुआती दो मैचों (मुंबई इंडियंस और सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ) गेंदबाजी नहीं की थी। इसके बाद पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच बारिश के कारण अधूरा रह गया था। दरअसल, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने पहले ही साफ कर दिया था कि ग्रीन लोअर बैक इंजरी से जूझ रहे हैं और उन्हें कुछ समय तक गेंदबाजी से दूर रहना होगा। लेकिन अब लगभग 10-12 दिन बाद उनकी रिकवरी पूरी हो चुकी है और वे फिर से गेंदबाजी के लिए तैयार हैं। ग्रीन के गेंदबाजी न करने से केकेआर की प्लानिंग प्रभावित हुई थी, क्योंकि टीम के कई मुख्य गेंदबाज बाहर रहे।



