AI की नजर से नहीं बचा गिटार, कैमरे ने सवारी समझकर काटा चालान
युवक ने सोशल मीडिया पर चालान की तस्वीर साझा कर पूरे मामले की जानकारी दी. युवक ने बेंगलुरु ट्रैफिक पुलिस से मामले की जांच कर जुर्माना हटाने की मांग की.

4पीएम न्यूज नेटवर्क: युवक ने सोशल मीडिया पर चालान की तस्वीर साझा कर पूरे मामले की जानकारी दी. युवक ने बेंगलुरु ट्रैफिक पुलिस से मामले की जांच कर जुर्माना हटाने की मांग की.
बेंगलुरु में ट्रैफिक नियमों की निगरानी के लिए इस्तेमाल किए जा रहे AI आधारित कैमरे की गलती का एक अनोखा मामला सामने आया है. यहां एक व्यक्ति को अपनी पत्नी का दोपहिया वाहन अकेले चलाने के बावजूद पीछे बैठी सवारी के हेलमेट नहीं पहनने के आरोप में 500 रुपये का चालान जारी कर दिया गया. दरअसल, कैमरे ने उसकी पीठ पर टंगे गिटार को पीछे बैठी सवारी समझ लिया.
यह मामला 15 सितंबर 2026 का बताया जा रहा है. सौविक दत्ता ने दावा किया कि वह बेंगलुरु में अपनी पत्नी का दोपहिया वाहन अकेले चला रहे थे. उस समय उन्होंने हेलमेट पहना हुआ था और उनकी पीठ पर एक गिटार टंगा था. यात्रा के दौरान ट्रैफिक कैमरे ने उनकी तस्वीर कैद कर ली. तस्वीर में दत्ता दोपहिया वाहन चलाते हुए साफ दिखाई दे रहे हैं और उनके पीछे गिटार लटका हुआ है. इसके बावजूद बाद में वाहन के मालिक के नाम पर ट्रैफिक चालान जारी कर दिया गया.
गिटार को समझ लिया पीछे बैठी सवारी
चालान में उल्लंघन की वजह पीछे बैठी सवारी का हेलमेट नहीं पहनना बताई गई. यानी AI आधारित ट्रैफिक सिस्टम ने गिटार को इंसान या पीछे बैठी सवारी के तौर पर पहचान लिया. चालान की राशि 500 रुपये बताई गई है. दत्ता के मुताबिक, वाहन उनकी पत्नी के नाम पर है, इसलिए नोटिस भी उनके नाम पर जारी हुआ.
दत्ता ने 26 सितंबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस पूरे मामले को साझा किया. उन्होंने AI आधारित यातायात उल्लंघन पहचान प्रणाली की इस कथित गलती की ओर बेंगलुरु ट्रैफिक पुलिस का ध्यान दिलाया. उन्होंने अपनी पोस्ट में कैमरे से ली गई तस्वीर भी साझा की, जिसमें वह हेलमेट पहने वाहन चलाते हुए दिखाई दे रहे हैं. उनकी पीठ पर गिटार भी साफ नजर आ रहा है. दत्ता ने पुलिस से चालान रद्द करने का अनुरोध किया.
बेंगलुरु ट्रैफिक पुलिस ने दिया जवाब
दत्ता की पोस्ट पर बेंगलुरु ट्रैफिक पुलिस की ओर से भी प्रतिक्रिया दी गई. पुलिस ने उन्हें उल्लंघन में सुधार के लिए ई-मेल करने या संबंधित नंबरों पर संपर्क करने की सलाह दी.
इस मामले ने AI आधारित ट्रैफिक निगरानी प्रणालियों की सटीकता को लेकर चर्चा छेड़ दी है. तकनीक की मदद से ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन की पहचान तेजी से की जा रही है, लेकिन इस मामले में तस्वीर और चालान के बीच कथित अंतर ने सिस्टम की पहचान क्षमता पर सवाल खड़े कर दिए हैं. अब दत्ता की शिकायत के आधार पर चालान में सुधार या उसे रद्द किए जाने को लेकर आगे की कार्रवाई का इंतजार है.



