खतरे में पड़ी ज्ञानेश की कुर्सी, सड़कों पर उतरेंगे इंडिया गठबंधन के 21 दल
ज्ञानेश की कुर्सी बचाते-बचाते अब खुद की कुर्सी खतरे में नजर आ रही है। दरअसल कांग्रेस पार्टी 1 नवंबर को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में 'इंडिया' गठबंधन की एक बड़ी रैली की तैयारी कर रही है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग दिन बा दिन बढ़ती जा रही है। विपक्ष और जनता सड़कों पर है। ऐसे में इंडिया गठबंधन ने बड़ा ऐलान किया है कि आगामी 1नवम्बर को दिल्ली में एक बड़ा आंदोलन होगा जिसे लेकर एक तरफ जहां कांग्रेस कड़ी तैयारियां कर रही है तो दूसरी तरफ बीजेपी खेमे में खलबली सी मची हुई है।
ज्ञानेश की कुर्सी बचाते-बचाते अब खुद की कुर्सी खतरे में नजर आ रही है। दरअसल कांग्रेस पार्टी 1 नवंबर को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में ‘इंडिया’ गठबंधन की एक बड़ी रैली की तैयारी कर रही है। इस आयोजन से पहले यह शक्ति प्रदर्शन का एक अहम मौका होगा। तैयारियों के सिलसिले में, 27 अक्टूबर को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता के.सी. वेणुगोपाल ने दिल्ली के नेताओं के साथ कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया।
कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने कहा कि रैली की व्यवस्थाओं के लिए दिल्ली का पूरा नेतृत्व यहाँ मौजूद है। वेणुगोपाल जी यहाँ आ रहे हैं, जिसके बाद वे सभी को जरूरी निर्देश देंगे। उसी के अनुसार तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि इस रैली में ‘इंडिया’ गठबंधन के सदस्य और देशभर से लोग शामिल होंगे।
हालांकि, वेणुगोपाल ने आरोप लगाया कि रैली से पहले पुलिस ने इसमें दखल दिया। उन्होंने दावा किया कि पार्टी ने शुरुआत में अशोक होटल के लॉन में एक कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति मांगी थी, लेकिन पुलिस के दखल के बाद इसे नामंजूर कर दिया गया। इसके अलावा, उन्होंने पुलिसकर्मियों पर आरोप लगाया कि उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को किसी दूसरी जगह पर कार्यक्रम की तैयारी करने से रोका।
30 अक्टूबर का यह प्रस्तावित कार्यक्रम 1 नवंबर को होने वाली रैली और मार्च से पहले की एक तैयारी थी, जिसका मकसद कथित चुनावी गड़बड़ियों के खिलाफ विरोध जताना है। वेणुगोपाल ने केंद्र सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि वह विपक्षी दलों को मतदाता सूची और उससे जुड़े मुद्दों पर अपनी चिंताएं जाहिर करने से रोकने की कोशिश कर रही है। वेणुगोपाल ने कहा कि हम उनके दबाव के आगे नहीं झुकेंगे। हमें पता है कि कार्यक्रम कैसे आयोजित करना है।
1 नवंबर की रैली में रामलीला मैदान में लगभग 21 राजनीतिक दलों के शामिल होने की उम्मीद है। ‘इंडिया’ गठबंधन ने अपने “वोट चोरी” अभियान के तहत लगातार चुनावी धांधली के आरोप लगाए हैं। वहीं आपको बता दें कि रैली से पहले कांग्रेस पार्टी ने बीजेपी सरकार पर बड़े आरोप लगाए हैं।
कांग्रेस की तरफ से एक्स पर एक पोस्ट की गई है जिसमे लिखा है कि- कांग्रेस की महारैली से घबराई मोदी सरकार। पहले स्पेशल ट्रेन देने की सहमति, फिर अचानक इनकार रेलवे के जरिए रास्ता रोकने की कोशिश हो सकती है, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं के हौसले नहीं। ट्रेन रोकोगे, जनसैलाब कैसे रोकोगे…? 1 नवंबर को दिल्ली में गूंजेगा, वोट बचाओ, देश बचाओ।
वहीं रैली से पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी एक्स पर एक पोस्ट के माध्यम से जोरदार हमला बोला। बीजेपी पर तंज कसते हुए उन्होंने एक्स पर लिखा कि- ‘हमारा वोट चुराया जा रहा है और ये हम किसी हाल में चुपचाप नहीं सहेंगे. मतदाता सूचियों से नाम काटे गए. नियम-कानून तोड़े गए. और सवाल पूछने वालों पर लाठियां चलीं. अब जवाब देश देगा.
1 नवंबर – चलो दिल्ली. वोट बचाओ – देश बचाओ जन मार्च और महारैली.’ और उन्होंने कहा, ‘छात्र, किसान, मजदूर, महिलाएं, नौजवान और व्यापारी – जिस-जिस को लोकतंत्र की फ़िक्र है, वो ज़रूर आए. वोट आपका है. लड़ाई भी आपकी है. BJP और उसके साथियों का दिल से धन्यवाद, जो इस कार्यक्रम का इतना ज़ोर-शोर से प्रचार कर रहे हैं और इसे ज़्यादा से ज़्यादा लोगों तक पहुंचा रहे हैं. बस अगले 7 दिन भी यही जोश और लगन बनाए रखिए.’
वहीं इस रैली के संबंध में नेताओं की लगातार प्रतिक्रिया भी सामने आ रही है। इसी कड़ी में कांग्रेस सांसद मनोज कुमार ने 1 नवंबर को होने वाली INDIA गठबंधन की रैली पर कहा, “…अगर आपको लगता है कि ज्ञानेश कुमार नहीं हटेंगे, तो आप अपने मन से यह बात निकाल दीजिए। उन्हें हटना ही होगा। आप 1 नवंबर को देखिएगा। जिस तरह आपने दिल्ली में पुलिस की छावनी बना दी थी, उसी तरह 1 नवंबर को हम भी अपनी ताकत दिखाएंगे।
इसी कड़ी में कांग्रेस नेता भूपेश बघेल ने कांग्रेस और इंडिया ब्लॉक की 1 नवंबर मेगा रैली पर कहा, “पूरे देश में जबरदस्त उत्साह है। हमने जो आह्वान किया है तो उसमें बड़ी संख्या में लोग आएंगे और यह ऐतिहासिक होगा। दिल्ली में अभी तक जितनी रैली हुई हैं, यह उनमें सबसे बड़ी रैली होगी।”
वहीं इसी बीच कांग्रेस पार्टी की तरफ से खड़गे का एक वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा गया कि साथियों, यह त्योहार का मौसम है, लेकिन इस समय आप कमरतोड़ महंगाई से जूझ रहे हैं। सरकार को इसकी बिल्कुल भी चिंता नहीं, क्योंकि वह सिर्फ ‘वोट चोरी’ करना जानती है। ‘वोट चोरी’ बड़े पैमाने पर हुई है और अब भी हो रही है। करोड़ों भारतीयों का मत देने का संवैधानिक हक खतरे में है। इसके लिए CEC ज्ञानेश कुमार ही जिम्मेदार है। उन्होंने यह सब कुछ प्रधानमंत्री और गृहमंत्री के कहने पर किया है। सभी विपक्षी दलों की मांग है: ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दें, और SIR प्रक्रिया को तत्काल रोका जाए।
कांग्रेस और इंडिया गठबंधन 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में रैली करेंगे. विपक्ष मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का लगातार विरोध कर रहा है. राहुल गांधी ने बीजेपी पर वोट चोरी का आरोप लगाया है. गौर करने वाली बात यह है कि कांग्रेस 1 नवंबर की रैली को लेकर पूरी तरह कमर कस चुकी है. उसने अपने शीर्ष नेताओं को भीड़ जुटाने का टारेगट भी दिया है.



