राजस्थान के खिलाफ मैच में खेलेंगे हार्दिक पांड्या

- मुंबई के कप्तान हुए स्वस्थ्य, मुकाबला आज
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
गुवाहाटी। आईपीएल में आज राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ होने वाले मुकाबले से पहले मुंबई इंडियंस के नियमित कप्तान हार्दिक पांड्या पूरी तरह से स्वस्थ हो चुके हैं और राजस्थान के खिलाफ प्लेइंग इलेवन का हिस्सा होंगे। मुंबई इंडियंस के गेंदबाजी कोच पारस म्हाम्ब्रे ने बताया, पांड्या मंगलवार को होने वाले मुकाबले के लिए उपलब्ध रहेंगे। वह चोटिल नहीं थे, बल्कि उनकी तबीयत ठीक नहीं थी। वह अब पूरी तरह से फिट और स्वस्थ हैं। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुंबई इंडियंस को हार्दिक की कमी गेंदबाजी में साफतौर पर खली थी। मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2026 में अब तक कुल दो मुकाबले खेले हैं। पहले मैच में टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स को छह विकेट से हराया था।
वहीं, दूसरे मुकाबले में मुंबई को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ छह विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। दिल्ली के खिलाफ रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव को छोडक़र टीम के अन्य बल्लेबाज कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके थे। वहीं राजस्थान की टीम इस सीजन बेहद मजबूत नजर आ रही है। यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी की सलामी जोड़ी टीम को मजबूत शुरुआत दिला रही है, जबकि ध्रूव जुरेल भी आक्रामक बल्लेबाजी कर रहे हैं। कप्तान रियान पराग ने अभी तक बल्ले से कोई खास योगदान नहीं दिया है, लेकिन उन्हें अपने नेतृत्वकौशल से आत्मविश्वास मिलेगा। गेंदबाजों में तुषार देशपांडे और रवि बिश्नोई का प्रदर्शन प्रभावशाली रहा है। बिश्नोई ने दो मैचों में पांच विकेट लिए हैं। वहीं, देशपांडे ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ आखिरी ओवर में 10 रन का सफलतापूर्वक बचाव करते हुए डेथ ओवरों के अपने कौशल का अच्छा नमूना पेश किया था।
आईसीसी के महीने के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी की दौड़ में सैमसन और बुमराह शामिल
दुबई। भारत के सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन और तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह आईसीसी के महीने के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी बनने की दौड़ में शामिल हैं। इन दोनों खिलाडिय़ों ने टी20 विश्व कप में शानदार प्रदर्शन किया था जिसके दम पर इन्हें नामित खिलाडिय़ों में जगह मिली है। इन दोनों के अलावा न्यूजीलैंड सीरीज से टी20 अंतरराष्ट्रीय में डेब्यू करने वाले दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज कोनोर एस्टरहुइजेन भी नामित खिलाडिय़ों में शामिल हैं। टी20 विश्वकप के आखिरी कुछ मैचों में शानदार प्रदर्शन करके प्लेयर आफ द टूर्नामेंट रहे संजू को बुमराह के साथ नामांकन में जगह मिली है। बुमराह फाइनल मैच में प्लेयर ऑफ द मैच थे। सैमसन शुरुआती मैचों से बाहर रहे लेकिन वेस्टइंडीज के खिलाफ क्वार्टर फाइनल की तरह रहे मैच में नाबाद 97 रन बनाए और इंग्लैंड के खिलाफ मुंबई में सेमीफाइनल के बाद न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल में 89 रन की पारी खेली।



