हरदोई में पशुपालकों के लिए लगा पशु आरोग्य मेला, 456 पशुपालकों ने लिया हिस्सा

हरदोई के संडीला क्षेत्र के बर्रिया गांव में पशु आरोग्य शिविर लगा। 456 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। पशुपालकों को दवाएं, पशुओं की देखभाल और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: पशुओं की सेहत बेहतर रखने और पशुपालकों को जागरूक करने के उद्देश्य से हरदोई जिले के संडीला क्षेत्र के बर्रिया गांव में पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु आरोग्य शिविर एवं मेले का आयोजन किया गया। शिविर में पशुओं के स्वास्थ्य, साफ-सफाई और बीमारियों से बचाव की जानकारी देने के साथ ही पशुपालकों को दवाएं उपलब्ध कराई गईं। आसपास की कई ग्राम पंचायतों से पहुंचे पशुपालकों ने शिविर का लाभ उठाया।

ग्राम प्रधान प्रशासक ने किया शिविर का उद्घाटन

बर्रिया गांव में आयोजित शिविर का उद्घाटन ग्राम प्रधान प्रशासक मुन्नीलाल यादव ने फीता काटकर किया। इसके बाद उपस्थित लोगों ने गोमाता का पूजन किया। कार्यक्रम में पशुपालन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने पशुपालकों को पशुओं की देखभाल से जुड़ी जरूरी जानकारियां दीं।

पशुओं की साफ-सफाई और स्वास्थ्य पर दिया जोर

शिविर में पशुपालकों को सलाह दी गई कि वे अपने पशुओं के स्वास्थ्य पर नियमित ध्यान दें। पशुओं को मच्छरों से बचाने के लिए उनके आसपास साफ-सफाई रखने और उचित देखभाल करने पर जोर दिया गया। इस दौरान पशुपालन विभाग की विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई, ताकि पशुपालक इनका लाभ उठा सकें।

छह से अधिक गांवों के पशुपालकों ने लिया लाभ

आयोजन में उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी आरके गौड़, पशुधन प्रसार अधिकारी संतोष मिश्रा, डॉ. शैलेंद्र बाजपेई और राम गोपाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे। आयोजकों के अनुसार, शिविर में कुल 456 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। न्याय पंचायत सिकरोरी के बर्रिया, कासिमाबाद, हंसखेड़ा, कनईखेड़ा, रामपुर, मलनखेड़ा और जटपुरवा समेत विभिन्न गांवों के पशुपालक अपने पशुओं के लिए दवाएं लेने पहुंचे। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को पशुओं की बेहतर देखभाल और विभागीय योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया।

रिपोर्ट – शुभम, हरदोई

यह भी पढ़ें: सीतापुर में बवाल के दौरान सिपाही पर धारदार हथियार से हमला, आरोपी गिरफ्तार

Related Articles

Back to top button