राममंदिर चंदा विवाद से हिंदू आस्था हुई आहत : भागवत

- संघ प्रमुख बोले- होसबोले की हर बात से हम सहमत
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नागुपर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत ने राम मंदिर चंदे के विवाद पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि वह इस पूरे मामले पर संघ के महासचिव दत्तात्रेय होसबाले की बात से पूरी तरह सहमत हैं। नागपुर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान जब भागवत से चंदा चोरी के आरोपों पर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कहा, होसबाले जी का बयान देखिए… मेरी भी वही प्रतिक्रिया है। इससे पहले शुक्रवार को आरएसएस के महासचिव दत्तात्रेय होसबाले ने इस मामले पर एक बयान जारी किया था। उन्होंने कहा था कि अयोध्या के राम मंदिर में चंदे की हेराफेरी के आरोपों ने पूरे समाज की भावनाओं और आस्था को गहरी ठेस पहुंचाई है।
होसबाले ने सरकार और जांच एजेंसियों से मांग की थी कि इस मामले की पूरी जांच की जाए और जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाए, उसे सख्त से सख्त सजा दी जानी चाहिए। होसबाले ने अपने बयान में इस बात पर भी जोर दिया था कि कुछ हिंदू विरोधी और देश-विरोधी ताकतें इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना का फायदा उठाने की कोशिश कर रही हैं। वे इस बहाने हिंदू धर्म को बदनाम करना चाहती हैं। उन्होंने हिंदू समाज से अपील की कि इस मुश्किल समय में वे सब्र और संयम बनाए रखें और ऐसी किसी भी साजिश को कामयाब न होने दें।
पूरी तरह डर गयी है विहिप : सौरभ भारद्वाज
राम जन्मभूमि चंदा चोरी के आरोपों को लेकर विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार द्वारा पुलिस को लिखे गए पत्र पर अब आम आदमी पार्टी ने तीखा पलटवार किया है। आप के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने इस मामले पर बयान जारी करते हुए विहिप पर गंभीर सवाल उठाए हैं। सौरभ भारद्वाज ने कहा कि विहिप अध्यक्ष के इस कदम से यह साफ हो गया है कि संगठन इस बात से बहुत परेशान है कि देश भर में चंदा चोरी का मुद्दा उठाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि विहिप के इरादे साफ नहीं हैं। अगर उनके इरादे साफ होते, तो वे खुद कहते कि उनकी संस्था के भीतर ही ऐसे कई लोग हैं जो इस मामले में सामने आकर गवाही देना चाहते हैं, क्योंकि इस ट्रस्ट में उनके ही संगठन से जुड़े लोग शामिल थे।



