हनीमून का वादा करता रहा पति, पत्नी ने लगाए गंभीर आरोप; ससुराल के 8 लोगों पर मुकदमा

गोरखपुर में महिला ने पति पर कथित शारीरिक अक्षमता छिपाकर शादी कराने और ससुराल पर दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाया। पुलिस ने पति समेत आठ लोगों पर केस दर्ज कर जांच शुरू की।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: शादी के बाद दांपत्य जीवन को लेकर सामने आई एक महिला की शिकायत ने गोरखपुर में गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। शाहपुर क्षेत्र की 30 वर्षीय महिला ने आरोप लगाया है कि पति की कथित शारीरिक अक्षमता की जानकारी छिपाकर उसकी शादी कराई गई। साथ ही ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने, मारपीट और धमकी देने के आरोप लगाए हैं। रामगढ़ताल पुलिस ने पति समेत आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शादी के बाद पति पर दूरी बनाने का आरोप

महिला के मुताबिक उसकी शादी 17 नवंबर 2024 को रामगढ़ताल क्षेत्र के 32 वर्षीय युवक से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद पति ने लगातार शारीरिक संबंध बनाने से दूरी बनाए रखी। कभी स्वास्थ्य संबंधी परेशानी तो कभी घबराहट का हवाला देकर वह बात टालता रहा। महिला का दावा है कि बाद में पति के करीब आने की कोशिश के दौरान उसे उसकी कथित शारीरिक अक्षमता की जानकारी हुई। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

25 लाख रुपये दहेज की मांग का आरोप

महिला ने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष के लोग मायके से अधिक दहेज लाने का दबाव बनाते थे। शिकायत के अनुसार, उससे कथित तौर पर 25 लाख रुपये और लाने की मांग की गई। आरोप है कि रकम नहीं लाने पर पति के साथ रहने को लेकर भी दबाव बनाया गया। महिला ने बताया कि सामाजिक शर्म और पारिवारिक परिस्थितियों के कारण उसने शुरुआती दौर में यह बात अपने मायके वालों को नहीं बताई।

शिकायत के बाद मारपीट और धमकी का आरोप

महिला का आरोप है कि जब उसने पति की कथित शारीरिक समस्या को लेकर ससुराल वालों से बात की तो उसके साथ मारपीट की गई और उसे रामगढ़ताल क्षेत्र में छोड़ दिया गया। उसने ससुराल पक्ष पर जान से मारने की धमकी देने और दहेज का सामान अपने पास रखने का भी आरोप लगाया है। रामगढ़ताल पुलिस ने पति समेत आठ लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक आयशा बानो को सौंपी गई है। थाना प्रभारी श्याम नंद राय के मुताबिक, साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट -अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

यह भी पढ़ें: सीतापुर में कांवड़ियों पर बरसे फूल, डीएम-एसपी ने खुद किया श्रद्धालुओं का स्वागत

Related Articles

Back to top button