हैदराबाद ने घर में लगाई जीत की हैट्रिक

  • अभिषेक के बाद चमके ईशान, दिल्ली को 47 रनों से हराया

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
हैदराबाद। अभिषेक शर्मा की बल्लेबाजी के बाद ईशान मलिंगा की अगुआई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर सनराइजर्स हैदराबाद ने दिल्ली कैपिटल्स को 47 रनों से हराया। हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में दो विकेट पर 242 रन बनाए थे। जवाब में दिल्ली की टीम 20 ओवर में नौ विकेट पर 195 रन ही बना सकी। दिल्ली के लिए नीतीश राणा ने सबसे ज्यादा 57 रन बनाए, जबकि समीर रिजवी ने 41 और केएल राहुल ने 37 रन बनाए। हैदराबाद के लिए ईशान मलिंगा ने चार विकेट लिए, जबकि हर्ष दुबे को तीन सफलता मिली।
हैदराबाद की टीम इस जीत से अंक तालिका में आठ अंक लेकर तीसरे स्थान पर पहुंच गई है। वहीं, दिल्ली कैपिटल्स छह अंकों के साथ पांचवें स्थान पर है। हैदराबाद के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली की शुरुआत अच्छी नहीं रही। लेकिन राहुल और नीतीश ने दूसरे विकेट के लिए 86 रन जोड़े। लेकिन इस जोड़ी के टूटते ही पूरी टीम ताश के पत्तों की तरह बिखर गई और टीम लक्ष्य से काफी दूर रह गई। इससे पहले, हैदराबाद के लिए अभिषेक और ट्रेविस हेड ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। पहले विकेट के लिए 97 रनों की साझेदारी हुई। अभिषेक ने दिल्ली के गेंदबाजी आक्रमण की धज्जियां उड़ाते हुए 68 गेंदों में 135 रन की नाबाद पारी खेली। जो आईपीएल इतिहास में किसी बल्लेबाज का पांचवां सर्वोच्च स्कोर भी है। दिल्ली के लिए एकमात्र सफलता अक्षर ने हासिल की। ईशान रन आउट होकर पवेलियन लौटे।

मुंबई के साथ आज के मुकाबले में धोनी करेंगे विकेटकीपिंग

मुंबई। चेन्नई सुपर किंग्स के लिए एमएस धोनी मुंबई इंडियंस के खिलाफ मुकाबले में वापसी कर सकते हैं। लंबे समय से चोट के कारण बाहर चल रहे धोनी अब पूरी तरह फिट नजर आ रहे हैं और नेट्स में विकेटकीपिंग और बल्लेबाजी करते दिखे हैं। टीम के साथ लगातार यात्रा कर रहे धोनी की फिटनेस में सुधार साफ दिख रहा है। रविचंद्रन अश्विन ने कहा कि धोनी विकेटकीपर के रूप में टीम में लौटेंगे, जिससे सैमसन की भूमिका बदल सकती है। सैमसन को आउटफील्ड में जाना होगा या फिर वह इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर आ सकते हैं। यह बयान साफ संकेत देता है कि धोनी की वापसी से टीम कॉम्बिनेशन में बदलाव देखने को मिल सकता है। आयुष म्हात्रे के चोटिल होकर बाहर होने के बाद सीएसके को वैसे भी मुंबई के खिलाफ प्लेइंग-11 में बदलाव करना था। धोनी अगर वापसी करते हैं तो सरफराज खान को नंबर तीन पर म्हात्रे की जगह प्रमोट किया जा सकता है और फिर धोनी नंबर छह-सात पर खेल सकते हैं। ऑस्ट्रेलियाई पेसर स्पेंसर जॉनसन भी टीम से जुड़ चुके हैं।

Related Articles

Back to top button