पीएम मोदी इस्तीफा दें मैं भी तैयार : रेड्डी

- तेलंगाना के सीएम ने विधानसभा भंग करने की मांग पर किया पलटवार
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
हैदराबाद। तेलंगाना में बीजेपी की उस मांग के बाद राजनीतिक टकराव शुरू हो गया है, जिसमें कहा गया था कि मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी को राज्य विधानसभा भंग कर देनी चाहिए और जनता से नया जनादेश लेना चाहिए। इस चुनौती का जवाब देते हुए रेड्डी ने कहा कि वह अपनी पूरी कैबिनेट के साथ इस्तीफा देने को तैयार हैं, लेकिन ऐसा तभी होगा जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहले इस्तीफा दें और केंद्र सरकार को भंग कर दें।
रेड्डी ने कहा कि राजनीतिक बयान एकतरफा नहीं होते। अपनी सरकार की वैधता का बचाव करते हुए रेवंत रेड्डी ने कहा कि तेलंगाना में कांग्रेस के पास स्पष्ट बहुमत है और सत्ता में बने रहने के लिए उसे दूसरी पार्टियों के समर्थन की ज़रूरत नहीं है। उन्होंने केंद्र में बीजेपी के नेतृत्व वाली सरकार का ज़िक्र करते हुए कहा कि वह गठबंधन सहयोगियों पर निर्भर है, इसलिए उसके पास उनसे इस्तीफ़ा मांगने का नैतिक अधिकार नहीं है। रेड्डी ने कहा कि इसके अलावा, मेरे पास बहुमत है और मैं किसी पर निर्भर नहीं हूँ। बीजेपी सरकार कई राजनीतिक पार्टियों पर निर्भर है। इसलिए, उनके पास स्पष्ट जनादेश नहीं है। उन्हें पहले इस्तीफ़ा देना होगा, उसके बाद ही वे मुझसे इस्तीफ़ा मांग सकते हैं।



