‘मुझे पढ़ना है…’ छात्रा की गुहार सुन पुलिस ने उठाया ऐसा कदम, हर कोई कर रहा तारीफ

गोरखपुर के झंगहा क्षेत्र में पढ़ाई जारी रखने की इच्छा पूरी न होने पर एक छात्रा ने गोर्रा नदी में छलांग लगा दी। युवक ने उसकी जान बचाई, जबकि पुलिस ने काउंसलिंग कर पढ़ाई, ड्रेस और किताबों का खर्च उठाने का आश्वासन दिया।

4पीएम न्यूज नेटवर्कः  गोरखपुर के झंगहा थाना क्षेत्र से एक भावुक करने वाली घटना सामने आई है, जहां पढ़ाई जारी रखने की इच्छा पूरी न होने से परेशान एक किशोरी ने गोर्रा नदी में छलांग लगा दी। आसपास मौजूद लोगों की सतर्कता और एक युवक की बहादुरी से उसकी जान बच गई। बाद में पुलिस ने छात्रा और उसके परिवार की काउंसलिंग कर उसकी पढ़ाई का खर्च उठाने का आश्वासन दिया।

नदी में छलांग लगाते ही युवक ने दिखाई बहादुरी

जानकारी के अनुसार, झंगहा क्षेत्र निवासी 17 वर्षीय किशोरी ने मंगलवार शाम गौरी घाट पुल से गोर्रा नदी में छलांग लगा दी। मौके पर मौजूद लोगों के शोर मचाने पर जंगल गौरी निवासी अयूब ने बिना देर किए नदी में छलांग लगा दी। करीब 15 मिनट तक गहरे पानी में संघर्ष करने के बाद वह छात्रा को सुरक्षित बाहर निकालने में सफल रहा। उसकी बहादुरी की स्थानीय लोगों ने सराहना की।

‘घरवाले एडमिशन नहीं करा रहे’, छात्रा ने बताई वजह

पुलिस पूछताछ में छात्रा ने बताया कि उसने इस वर्ष आठवीं कक्षा उत्तीर्ण की है और वह नौवीं में प्रवेश लेना चाहती है। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण परिजन उसका दाखिला नहीं करा पा रहे थे। छात्रा के पिता पेंट-पॉलिश का कार्य करते हैं और परिवार में चार बेटियां व एक बेटा है।

पुलिस ने लिया पढ़ाई में सहयोग का संकल्प

मिशन शक्ति टीम और झंगहा थाना पुलिस ने छात्रा एवं उसके परिजनों की काउंसलिंग की। थाना प्रभारी अनूप सिंह ने बताया कि छात्रा की पढ़ाई, ड्रेस और किताबों के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा। पुलिस के आश्वासन के बाद छात्रा के चेहरे पर मुस्कान लौट आई और वह परिवार के साथ घर चली गई।

रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

यह भी पढ़ें: बदायूं में SBI बैंक टप्पेबाजी कांड का खुलासा, पुलिस मुठभेड़ के बाद दो आरोपी गिरफ्तार

Related Articles

Back to top button